पढ़ाई के साथ सफाई पार्क की देखरेख में बच्चे कर रहे सहयोग
एक ओर जहां नगर निगम, स्वयं सेवी संस्थाएं और क्षेत्रीय स्तर पर समितियां साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को लेकर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं तो वहीं अस्सी फिट रोड स्थित कॉलोनियों के एक दर्जन से अधिक बच्चों ने इस काम में भरपूर सहयोग किया। उन्होंने सम्राट कॉलोनी में बने पार्क की पढ़ाई के साथ-साथ पौधों को पानी देना, सफाई करना, देखरेख करना व मोहल्ले को साफ-सुथरा बनाने का काम कर मिसाल कायम की। बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए मोहल्ला महासमिति ने सम्मानित किया।
महासमिति के अध्यक्ष अजीज मो खान ने बताया कि हमारी समिति द्वारा एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों के लोगों को जोड़कर महासमिति का गठन किया गया है। इसके बैनर तले लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करने, गंदगी का करने, पुलिस का सहयोग करने व क्षेत्र को हरा-भरा बनाने का संकल्प दिलाया जाता है। बड़े स्तर पर ये मुहिम चलाई जा रही है। इससे प्रेरित होकर क्षेत्र के आठवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने सम्राट कॉलोनी में जनसहयोग से बने पार्क की देखरेख करना, सफाई करना, नियमित पानी देने जैसे काम शुरू कर दिए। बच्चों की गंभीरता को देखते हुए समिति ने उन्हें सम्मानित किया।
लिया संकल्प
समिति ने अस्सी फिट रोड स्थित एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों को साफ-सुथरा, अपराधमुक्त, नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इसके तहत समय-समय पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। लोगों को जागरूक करने की मुहिम चलाई जाती है। समिति प्रत्येक सप्ताह रविवार को बैठक कर काम की समीक्षा भी करती है। इससे क्षेत्र में काफी बदलाव आ रहा है।