21 लाख किसानों को मार्च में मिलेगी राशि
21 लाख किसानों को मार्च में मिलेगी राशि
भोपाल | प्रदेश के 21 लाख से अधिक किसानों को फसल बीमा की 4293 करोड़ रुपए की राशि वितरित की जाएगी। खरीफ सीजन 2015 में अतिवर्षा व कीट व्याधि से खराब हुई सोयाबीन सहित अन्य फसलों का राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना के तहत क्षतिपूर्ति राशि जिलेवार मंजूर हो गई है। प्रभावित फसलों की क्षतिपूर्ति के तौर पर किसानों को मार्च-अप्रैल में यह राशि ई-पेमेंट के जरिए उनके खाते में भुगतान की जाएगी। यदि किसान ने लोन लिया है तो बीमा राशि उसमें समायोजित की जा सकती है।
इसके लिए संबंधित किसानों के खातों की जांच कराई जा रही है।
कृषि विभाग के सूत्रों ने बताया कि खरीफ सीजन के लिए 28 लाख से अधिक किसानों ने फसल बीमा कराया था। योजना के तहत इन किसानों ने बतौर प्रीमियम राशि 350 करोड़ रुपए जमा की थी। फसल खराब होने पर सर्वे किया गया था जिसमें 21 लाख 50 हजार किसान बीमा राशि के लिए पात्र पाए गए थे। जिन्हें 4293 करोड़ रुपए वितरित किए जाएंगे। इसमें राज्य और केंद्र का अंश 2-2 हजार करोड़ रुपए है। कृषि विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. राजेश राजौरा ने बताया कि बीमा राशि समय पर वितरित करने के लिए दावे-आपत्तियों का निराकरण निर्धारित तिथि तक कर लिया गया था। इसके लिए दो राज्यों की टीम बुलाई गई थी।