तत्काल की तर्ज पर मिलेगा सामान्य पासपोर्ट
सामान्य पासपोर्ट बनवाना अब और अासान हो गया है। तत्काल पासपोर्ट की तरह महज तीन दिन में पासपोर्ट आपके घर भेज दिया जाएगा। दरअसल विदेश मंत्रालय ले अब पासपोर्ट बनाने के लिए जरूरी पुलिस वेरीफिकेशन की प्रक्रिया पासपोर्ट जारी करने के बाद करने का फैसला लिया है। इससे पुलिस वेरिफिकेशन होने तक आवेदकों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
एक शपथ पत्र और चार दस्तावेज देने के बाद पासपोर्ट जारी कर दिया जाएगा। भोपाल में भी यह व्यवस्था पासपोर्ट सेवा केंद्र में शुरू हो गई है। इसके साथ ही पासपोर्ट सेवा केंद्र से आधार को भी लिंक कर दिया गया है। वहीं, पेनकार्ड और वोटर आईडी के लिंक होने की प्रोसेस भी विदेश मंत्रालय द्वारा की जा रही है। पासपोर्ट कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अब पासपोर्ट के आवेदन में मांगे गए दस्तावेजों में से सिर्फ दो सही प्रमाण-पत्र उपलब्ध होने पर आवेदक एक शपथ पत्र देकर ही पासपोर्ट बनवा सकेगा। बशर्ते आवेदन में सही सूचना दी गई हो और निर्धारित नियम के मुताबिक जन्म प्रमाण पत्र और निवास प्रमाणपत्र पासपोर्ट कार्यालय को प्रस्तुत करें।
किसको कौन से दस्तावेज जरूरी
पुरुष : जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र
महिला : जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, विवाहित हों तो विवाह प्रमाण पत्र, विवाह के बाद नाम परिवर्तन किया हो तो एनेक्सचर डी
बच्चे : माता-पिता का पासपोर्ट, एनेक्सचर एच, माता पिता की सहमति और हस्ताक्षर, अगर दो में से एक हैं तो एनेक्सचर जी, अलग रहते हैं लेकिन तलाक नहीं हुआ है तो एनेक्सचर सी।
सरकारी कर्मचारी : विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र
किराएदार : जन्म प्रमाण पत्र , निवास प्रमाण पत्र और पंजीकृत किरायानामा
री-इश्यू : पुराना पासपोर्ट और निवास प्रमाण पत्र
एनआरआई : एम्बेसी या जहां से पासपोर्ट बनवाया है, वहां से री-इश्यू करा सकते हैं
चोरी होने पर : पुलिस में दर्ज एफआईआर की कॉपी
खराब होने पर : एनेक्सचर एल, खराब होने का कारण
बाॅक्स
पासपोर्ट की प्रक्रिया
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी मनोज कुमार राय ने बताया कि नए पासपोर्ट के लिए www.passportindia.gov.in पर आवेदन के बाद आवंटित समय पर पासपोर्ट सेवा केंद्र आवेदक को आना होगा। यहां पर दस्तावेजों की जांच के बाद काउंटर ए पर कागजात जमा होंगे और फिंगर प्रिंट लिए जाएंगे। बताया गया है कि काउंटर बी पर दस्तावेजों की स्कैनिंग और काउंटर सी पर आवेदक की मिलते-जुलते नामों से जांच होगी। सारी जानकारी सही होने पर पासपोर्ट छपने के लिए भेज दिया जाता है।
इसके बाद दो या तीन दिन में स्पीड पोस्ट से पासपोर्ट उनके पते पर भेज दिया जाएगा।