ससुराल वालों ने फर्जी साइन कर निकाले ढाई लाख
एक महिला के खाते से उसी के ससुराल वालों ने ढाई लाख रुपए निकाल लिए। आरोप है कि ये गड़बड़ी चेक पर फर्जी साइन कर की गई। इस संबंध में महिला ने अदालत में एक परिवाद दायर किया था। अदालत के आदेश के बाद शाहपुरा पुलिस ने महिला के पति समेत सात लोगों को धोखाधड़ी का आरोपी बनाया है।
ग्रीन सिटी कॉलोनी, शाहपुरा निवासी हर्षना की शादी योगेश झारिया के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गए। महिला के पिता जेब खर्च के रूप में रुपए दिया करते थे, जिन्हें वह अपने खाते में जमा कर देती थी। टीआई आशीष कुमार के मुताबिक 20 दिसंबर 2015 को हर्षना के खाते से ढाई लाख रुपए निकाल लिए गए। इसके बाद उसने अदालत में परिवाद दायर किया था। अदालत के आदेश पर हर्षना के पति योगेश, सास हेमा, प्रभा, राजेश, मोनिका, मनीषा और लूबा को आरोपी बनाया गया। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।