जीएडी ने संगठनों-अध्यक्षों के पते की जारी की सूची
मान्यता प्राप्त 20 कर्मचारी संगठनों को अब एक और झटका लगा है। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को इन संगठनों की संशोधित सूची जारी कर दी। इसमें इन संगठनों के प्रांताध्यक्षों के नाम नहीं हैं। नई सूची में संगठनों के नाम और अध्यक्षों के दफ्तरों व निवास के पते दर्शाए गए हैं। कुछ संगठनों में विवाद के चलते पिछले हफ्ते जीएडी ने इन संगठनों की पिछली सूची निरस्त कर दी थी।
नई सूची में सभी 20 संगठनों के नाम और पतों का जिक्र तो है, लेकिन तीन संगठनों के अध्यक्षों के पते बदले हुए हैं। इनमेंं मप्र राजपत्रित अधिकारी संघ, मप्र लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ और मप्र तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ शामिल हैं। सूची के मुताबिक 16 संगठनों के प्रांताध्यक्षों के निवास व दफ्तरों के पतों में बदलाव नहीं किया है।
एक संगठन के दो पते : सूची में मप्र वन कर्मचारी संघ के दोनों गुटों के अध्यक्षों के पते दर्शाए हैं। इनमें चल रहा विवाद इसकी वजह है। एक गुट ने हाल ही में चुनाव कराए हैं। संघ के दूसरे संजय पांडे गुट ने इसे अवैधानिक बताया है। सचिव अशोक पांडे ने कहा कि चुनाव अवैधानिक है, मामला हाईकोर्ट में भी विचाराधीन है।