भोपाल स्टेशन पर एफओबी और शेड का काम पिछड़ा
ट्रांसपोर्ट रिपोर्टर | भोपाल
भोपाल रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर शेड, नया फुट ओवरब्रिज (एफओबी), वीआईपी लाउंज सहित कई काम समय से पूरे होते नहीं दिख रहे हैं। अप्रैल में होने वाले सिंहस्थ के आयोजन को देखते हुए इनका पूरा होना मुश्किल लग रहा है। हालांकि रेल मंडल के अधिकारी सिंहस्थ के पहले सारे कार्य होने का दावा कर रहे हैं। जबकि प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर शेड बढ़ाने का काम ही समय पर पूरा होने की उम्मीद है।
प्लेटफॉर्म नंबर-1 से 6 के बीच आरपीएफ थाने के पास से बन रहे एफओबी का काम एक साल पिछड़ चुका है। एफओबी नवंबर तक पूरा होना था। जिस शेड का कार्य पिछले साल अक्टूबर में होना था, वह भी अधूरा है। अब तक 40 फीसदी काम ही हुए हैं। ऐसे में तय है कि बचा हुआ 60 फीसदी काम अप्रैल तक पूरा किया जाना मुश्किल है। तत्कालीन डीआरएम राजीव चौधरी ने इस काम को जनवरी-2015 में हर हाल में पूरा होने का दावा किया था।
दो साल पहले बन जाना था शेड
छह नंबर प्लेटफॉर्म पर बन रहे शेड का काम तो दो साल पहले ही पूरा हो जाना चाहिए था पर बजट और टेंडर प्रक्रिया सहित अन्य तकनीकी कारणों से इसका काम करीब दो साल पिछड़ चुका है।
28 कोच की ट्रेन के लिए काम अंतिम दौर में
इधर, प्लेटफॉर्म नंबर एक पर केवल 28 कोच की ट्रेन के आवागमन के लिए ही काम अंतिम दौर तक पहुंच सका है। जल्द ही इसके पूरा होते ही अप्रैल से कई ट्रेनों में कोच की संख्या बढ़ने के बाद उस पर आने वाली गाड़ियों का फायदा यात्रियों को मिल सकेगा।
वीआईपी लाउंज की जमीन का मामला सुलझा
इसके अलावा प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर पुराने पार्सल व आरएमएस आॅफिस को मिलाकर बनाया जाने वाला वीआईपी लाउंज की जमीन का मामला सुलझ गया है। आईआरसीटीसी द्वारा यह कार्य करवाया जा रहा है पर अभी इसमें करीब दो साल का समय लग सकता है।