पुराने शहर से सात ट्रक सामान जब्त
चौक व जुमेराती सहित पुराने शहर के अन्य बाजारों से अतिक्रमण हटाने की मुहिम तीसरे दिन भी जारी रही। नगर निगम के अमले ने बुधवार को सात ट्रक सामान जब्त किया। मंगलवार को आठ ट्रक और सोमवार को 10 ट्रक सामान जब्त हुआ था। यानी तीन दिन में निगम इन बाजारों से 25 ट्रक सामान जब्त कर चुका है।
पुराने शहर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई गुरुवार को भी जारी रहेगी। यहां से इतने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई इससे पहले 1990 के दशक में हुई थी। मौजूदा गृह मंत्री बाबूलाल गौर उस समय नगरीय प्रशासन मंत्री थे। बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे जेसीबी मशीन, गैस कटर, 90 श्रमिकों व अन्य संसाधनों के साथ निगम का अमला चौक बाजार पहुंचा। दुकानदारों द्वारा बनाए गए शेड, चबूतरे, पार्टीशन, दीवार तोड़ने के साथ काउंटर्स, ठेले, तख्त, पलंग, टेबल- कुर्सी जब्त किए। कार्रवाई लोहा बाजार, जुमेराती गेट, आजाद मार्केट, चिंतामन चौराहा, इब्राहिमपुरा, नदीम रोड पर भी की गई।
एएचओ होंगे जिम्मेदार
पुराने शहर के बाजारों में दोबारा अतिक्रमण और अवैध कब्जे रोकने की जिम्मेदारी क्षेत्र के प्रभारी एएचओ को दी गई है। यह एएचओ क्षेत्र में लगातार निरीक्षण करेंगे और अतिक्रमण पाए जाने पर सूचना देंगे। अतिक्रमण दस्ता भी बीच-बीच में बाजार में निगरानी रखेगा। यदि क्षेत्र में अतिक्रमण पाया गया तो एएचओ से जवाब-तलब होगा।
होर्डिंग फ्रेम और स्ट्रक्चर भी हटाए
दूसरी ओर निगम की होर्डिंग शाखा ने सेंट्रल लाइब्रेरी, भारत टॉकीज, हमीदिया रोड आदि क्षेत्रों में लगे अवैध होर्डिंग के फ्रेम, स्ट्रक्चर, एंगल आदि हटाए। निगम अमले ने करीब एक ट्रक सामग्री जब्त कर अतिक्रमण शाखा के स्टोर में जमा करवा दी।
बीडीए भी होगा सक्रिय
शहर में चलाई जा रही अतिक्रमण विरोधी मुहिम के बाद अब बीडीए भी अपनी संपत्तियों पर अतिक्रमण और अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई करेगा। बीडीए की कॉलोनियों में लोगों ने खाली जमीनों पर कब्जे कर लिए हैं और कई लोगों ने बगीचे और गैरेज के नाम पर सड़क को घेर लिया है। लक्ष्मीगंज गल्लामंडी स्थित बीडीए की जमीन के 10 हजार वर्गफीट हिस्से पर झुग्गियां बनी हुईं हैं। बीडीए चेयरमैन ओम यादव ने कहा कि बीडीए इन अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई शुरू करेगा।
नए शहर से भी
हटाए अतिक्रमण
निगम अमले ने भदभदा क्षेत्र में सूरज नगर से साक्षी ढाबे तक और निगम मुख्यालय के समीप माता मंदिर से अतिक्रमण हटाया। साकेत नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, लिंक रोड नंबर एक, टीनशेड आदि क्षेत्रों से 14 हाथ ठेले, 2 लोडिंग ऑटो, एक पान पार्लर और एक फुल्की का ठेला जब्त किया।
नगर निगम के अमले ने बुधवार को चौक बाजार से अितक्रमण हटाया।