निलंबित आईएएस अफसर शशि कर्णावत का गुजारा भत्ता बढ़ा
राज्य सरकार ने निलंबित आईएएस अधिकारी शशि कर्णावत का गुजारा भत्ता 50 फीसदी से बढ़ाकर 75 प्रतिशत कर दिया है। उन्हें अब प्रतिमाह 75 से 80 हजार रुपए मिलेंगे। इससे पूर्व करीब 54 हजार रुपए मिलते थे। कर्णावत इसी बात को लेकर काफी समय से संघर्ष कर रहीं थीं। उन्होंने पिछले दिनों यहां तक कह दिया था कि यदि सरकार ने उनका गुजारा भत्ता बढ़ाने समेत अन्य मांगें नहीं मानीं तो हनुवंतियां (खंडवा स्थित इंदिरा सागर के पास यह स्थान है, जहां पिछली कैबिनेट बैठक हुई थी) में जल समाधि ले लेंगी। हालांकि अगले ही दिन उन्होंने इस बयान से यू-टर्न ले लिया और कहा था कि मैंने मौन व्रत रखा है। मेरे बारे में जो भी बातें होंगी, आईएएस अधिकारी रमेश थेटे बोलेंगे।
बहरहाल बुधवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके आदेश जारी कर दिए। कर्णावत का कहना है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का धन्यवाद, क्योंकि यह उनका ही निर्णय है। मेरी जो शेष मांगें हैं, उनके बारे में अभी मैं कोई टिप्पणी नहीं करना चाहती।