होटल में मिली दवा कारोबारी की लाश
भोपाल| हमीदिया रोड स्थित एक होटल में दवा कारोबारी की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मोदी नगर, गाजियाबाद निवासी 47 वर्षीय सत्यपाल सिंह दवा कारोबारी थे। हनुमानगंज पुलिस के मुताबिक बीती आठ फरवरी को वे भोपाल आए थे। वे हमीदिया रोड स्थित होटल भोपाल पैलेस के 206 कमरे में ठहरे थे। बुधवार सुबह 7.30 बजे उनके कमरे का दरवाजा दस्तक देने के बाद भी नहीं खुला। सूचना पर पहुंची पुलिस दरवाजे तोड़कर अंदर दाखिल हुई, तो सत्यपाल बिस्तर पर मिले। उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस का अंदाजा है कि मौत हार्ट अटैक से हुई है। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।