सभी एक-दूसरे पर मढ़ रहे आरोप
4 घंटे तक बंद रहा काम
रजिस्ट्री ऑफिस में कांग्रेस नेता ने की मारपीट, तोड़फोड़
कैश काउंटर में रखे थे 5 लाख रुपए
आईएसबीटी स्थित रजिस्ट्री दफ्तर में शुक्रवार को एक कांग्रेस नेता ने अपने साथियों के साथ मिलकर कर्मचारियों के साथ-मारपीट और बीच बचाव करने पहुंचे सब-रजिस्ट्रारों के साथ झूमाझटकी की। हंगामा करीब 35 मिनट तक चलता रहा। अफरातफरी का माहौल देख जिला पंजीयक ने गोविंदपुरा थाने में फोन किया। पुलिस पहुंचती उससे पहले ही आरोपी मारपीट कर फरार हो गए। इस दौरान 4 घंटे तक ई रजिस्ट्री का काम बंद रहा।
दोपहर 12.30 बजे गोविंदपुरा निवासी कांग्रेस सेवा दल नेता राजेंद्र श्रीवास्तव अपने 30-35 साथियों के साथ रजिस्ट्री दफ्तर पहुंचा। यहां पर वो सबसे पहले ऑफिस में मेकर के तौर पर पदस्थ प|ी पूनम श्रीवास्तव के पास पहुंचा। कुछ देर बात करने के बाद एक अन्य मेकर शुभम पाटिल को मारने दौड़ा। बचने के लिए उसने दौड़ लगाई। लेकिन दफ्तर में खड़े राजेंद्र के साथियों ने उसे पकड़ लिया। वे उसे लात-घूसों से पीटने लगे। शुभम ने फिर दौड़ लगाई और जवाहर चौक कैश काउंटर के भीतर जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इस पर कांग्रेस नेता राजेंद्र के साथियों ने कांच के दरवाजों को लात मारकर तोड़ दिया। 10 से ज्यादा लोग भीतर घुस गए और अंदर छिपे शुभम को घसीट कर बाहर ले आए।
पूनम के खिलाफ कई शिकायतें
पूनम की लापरवाही की दर्जनों शिकायत की गई है। इसकी सूचना उनकी कंपनी यूएसबी ग्लोबल से की जा चुकी है। शुक्रवार को इनके पति ने आॅफिस में आकर तोड़फोड़ और मारपीट की। इसकी शिकायत गोविंदपुरा थाने में की गई है। डॉ. पवन कुमार अहिरवार, जिला पंजीयक
सब रजिस्ट्रार चहेतों को रखवाना चाहते हैं
शुभम पाटिल, संतोष, प्रदीप लोधी मुझे आए दिन परेशान करते हैं। रोज मेरी शिकायत सब-रजिस्ट्रारों से करते हैं। सब-रजिस्ट्रार मेरी जगह पर किसी अपने चहेते को रखवाना चाहते हैं। इसकी शिकायत मैंने महिला थाने में की है। पूनम श्रीवास्तव, मेकर और कांग्रेस नेता की प|ी
मैं तो बात करने वहां गया था
मुझ पर गलत इल्जाम लगाया जा रहा है। मैंने किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की है। बल्कि उल्टा मेरे साथ पंजीयन विभाग के कर्मचारियों ने मारपीट की है। मैं तो वहां पर केवल बात करने गया था। राजेंद्र श्रीवास्तव, संगठन मंत्री सेवादल कांग्रेस
रजिस्ट्री ऑफिस में कांच के दरवाजों को लात मारकर तोड़ दिया।
जिला पंजीयक डॉ अहिरवार का कहना है कि कांग्रेस नेता शुभम को मारने के लिए कांच का एक टुकड़ा लेकर दाैड़ा। बीच में पंजीयन विभाग के कर्मचारी नन्हें सिंह मरावी ने बीच बचाव किया तो कांग्रेस नेता ने उसके हाथ में ही कांच मार दिया। इसके चलते वो लहुलुहान हो गया। गनीमत थी कि कांच का टुकड़ा शुभम् के शरीर पर नहीं लगा। राजेंद्र के साथियों ने बाबू संदीप पटेल, महेंद्र रावत के साथ भी मारपीट की। शुभम को पिटता देख बीच बचाव करने पहुंचे सब रजिस्ट्रार राहुल बांगड़े व सीनियर सब-रजिस्ट्रार जमील खान के साथ भी झूमाझटकी की गई। गोविंदपुरा थाने में राजेंद्र और उसके साथियों के खिलाफ शासकीय काम में बाधा, बलवा व मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। अहिरवार का कहना है कि कैश काउंटर में मारपीट के दौरान 5 लाख कैश रखा हुआ था। यहां पर पुलिस बल तैनात करने के लिए पंजीयन मुख्यालय को सूचना दी गई है।