स्वाइन फ्लू : 40 दिन में 19 पॉजिटिव मरीज मिले
स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पिछले तीन दिन में 26 संदिग्ध मरीजों की नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। इसमें से 3 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मंगलवार को भेजे गए पांच नमूनों में से 1 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जनवरी से अब तक कुल 19 मरीज स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मिले हैं। इसमें से 15 मरीज भोपाल के हैं। शहर में इस साल अब तक 4 मरीजों की मौत हो चुकी है।
जनवरी से अब तक स्वाइन फ्लू के संदिग्ध व पॉजिटिव मिलाकर 255 मरीज भर्ती हुए। निजी अस्पतालों में 235 मरीज भर्ती हुए, जबकि सरकारी अस्पतालों में 20 मरीजों ने इलाज कराया। सीएमएचओ वीणा सिन्हा का कहना है कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए निजी और सरकारी अस्पतालों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।