सहस्त्रबुद्धे और यादव आज भोपाल आएंगे
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे और राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव बुधवार को भोपाल आ रहे हैं। वे 18 फरवरी को सीहोर के शेरपुर में होने जा रहे किसान सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेंगे। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत करने वाले हैं। सहस्त्रबुद्धे शेरपुर के करीब एक निजी होटल में पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक भी लेंगे।
इधर, सम्मेलन को लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने युवा मोर्चा की बैठक में सभी नेताओं से कहा कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को लेकर सीहोर पहुंचें। बैठक में मोर्चा के 11 फरवरी को प्रस्तावित समर्पण दिवस के कार्यक्रमों और 5-6 मार्च को होने जा रहे राष्ट्रीय अधिवेशन के संबंध में भी चर्चा हुई। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप मौर्य ने कहा कि कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ शेरपुर पहुंचेंगे। मौर्य ने मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी।