रिश्वत के लिए दैवेभो कर्मी ने दो महीने से रोक रखी थी फाइल
लोकायुक्त टीम ने नगर निगम के एक दैनिक वेतन भोगी को एक हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा है। रिश्वत की मांग नल कनेक्शन की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में की जा रही थी।
जोन-15 के जलकार्य विभाग में पदस्थ मोहम्मद नफीस के खिलाफ आनंद नगर निवासी अनिल साहू ने मंगलवार दोपहर लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की थी। अनिल ने बताया था कि नफीस नल कनेक्शन की फाइल बढ़ाने के लिए एक हजार की रिश्वत की मांग कर रहा है। इंस्पेक्टर नीता चौबे के मुताबिक योजना के तहत अनिल को बुधवार दोपहर जोन-15 के दफ्तर भेजा गया। नफीस ने जैसे ही रिश्वत के एक हजार रुपए लिए वहां पहले से मौजूद टीम ने उसे धर दबोचा। आरोपी ने फाइल दो महीने से रिश्वत के लिए दबा रखी थी।