वैन पर लगाम के लिए फिर सक्रिय हुए स्कूल
प्रशासन पर डाली जिम्मेदारी
ट्रांसपोर्ट रिपोर्टर | भोपाल
स्कूल शिक्षा विभाग से संबद्ध प्राइवेट और मिशनरी स्कूलों ने फिर गैस से चलने वाली स्कूल वैन पर सख्ती करने का इरादा किया है। विचार किया जा रहा है कि अगले शिक्षण सत्र से गैस से ऐसी वैन पर रोक लगाई जाए। स्कूल प्रबंधन इस मुद्दे पर जल्द ही मीटिंग करेंगे। हालांकि पिछले सत्र में भी यह मुद्दा गरमाया था। तब स्कूल प्रबंधनों ने इनका मुंह जबानी विरोध दर्ज कराकर जिम्मेदारी पूरी कर दी थी। दैनिक भास्कर द्वारा गुरुवार को गैस से चलने वाली वैन के मुद्दे को फिर उठाया। इसके बाद सीबीएसई व स्कूल शिक्षा विभाग से संबंधित स्कूलों के प्रमुखों ने साफ कहा है कि वे ऐसी वैन के पक्ष में नहीं हैं।
मीटिंग में सभी स्कूल संचालकों को इस बात के लिए तैयार करेंगे कि वे गैस से चलने वाली वैन को संचालित न होने दें।
स्कूलों में गैस वाली वैन बंद करने के लिए प्रशासन की सख्ती भी जरूरी है। इसके बाद ही स्कूल संचालक व एसोसिएशन कुछ कर सकेगी। - पीएस कालरा, चेयरमैन सहोदय
गैस से चलने वाली वैन बच्चों के लिए खतरे की घंटी है। हमारे संगठन से संबंधित करीब 700 स्कूलों में इनके संचालन पर रोक लगाई जाएगी। - अजीत सिंह, अध्यक्ष प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन मप्र
गैस वाली वैन का संचालन रोकने के लिए अगले सप्ताह मीटिंग में निर्णय लिया जाएगा। वैन संचालकों से गाड़ी बदलने के बारे में पूछा जाएगा। - सोजन जोसफ, सचिव सहोदय कॉम्पलेक्स