खराब सड़क के कारण नहर में जा गिरी कार, बस भी फंसी
कटारा हिल्स से बर्रई जाने वाले रास्ते के किनारे नहर में गुरुवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर डूब गई। एक कॉलेज बस भी इसी नहर के किनारे कीचड़ में फंस गई। करीब तीन फीट पानी में डूबी कार को क्रेन की मदद से निकाला गया। गनीमत रही कि कीचड़ में फंसते ही कार चालक महिला बाहर निकल आईं थी। कटारा हिल्स से बर्रई जाने वाली सिंगल सड़क उखड़ चुकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गड्ढों से बचने की कोशिश में बस और कार दोनों नहर किनारे फंस गईं। बस खाली थी। नहर में गिरे वाहनों के दो मामलों पर बागसेवनिया पुलिस का रवैया अलग-अलग है। पुलिस ने बस ड्राइवर के खिलाफ तो केस दर्ज कर लिया लेकिन कार मालिक को आरोपी नहीं बनाया। पुलिस देर रात तक कार मालिक का पता भी नहीं लगा सकी।
वह छात्रों को लेने जा रही थी। पुलिस ने क्रेन से बस को निकाला और थाने ले गई। बाग सेवनिया पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की एफआईआर दर्ज की है। नहर में तीन फीट पानी में डूबी कार को उसके मालिक ने क्रेन से निकलवा लिया। पूर्व पार्षद महेंद्र परमार के अनुसार यह मार्ग संकरा और गड्ढों वाला है। इससे रोजाना ही वाहनों के नहर में गिरने का खतरा रहता है। यह क्षेत्र अब नगर निगम में शामिल हुआ है, इसे जल्द सुधारना चाहिए।