शेयर बाजार 21 माह के निचले स्तर पर, 24 हजार से नीचे आया
शेयर बाजार में गिरावट का दौर लगातार तीसरे दिन जारी रहा। इसके चलते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 कंपनियों वाला सेंसेक्स 21 माह के निचले स्तर पर आ गया। बुधवार को यह 262 अंकों की गिरावट के साथ 23,759 अंकों पर बंद हुआ था। इससे पहले 15 मई 2014 को सेंसेक्स 23,905 के स्तर पर बंद हुआ था। उधर, निफ्टी भी 62 अंक कमजोर होकर 7216 पर आ गया। निफ्टी भी 19 माह के निचले स्तर पर पहुंचा।
सभी शेयर लाल निशान पर : नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के सभी सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान पर बंद हुए। बैंक निफ्टी में 2 फीसदी, ऑटो सेक्टर में डेढ़ फीसदी नीचे आया। रियल्टी इंडेक्स 3.62 फीसदी गिरकर 140 के स्तर तक फिसल गया। प्रमुख शेयरों के हाल : पंजाब नेशनल बैंक का शेयर 9 फीसदी फिसला। इस सरकारी क्षेत्र के बैंक का तीसरी तिमाही में मुनाफा 93% घटा था। शेष | पेज 13 पर
सेंट्रल बैंक के शेयर में तो 12.4 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। इसे तीसरी तिमाही में 837 करोड़ रुपए का शुद्ध नुकसान हुआ। देना बैंक के शेयर में भी 7 फीसदी की गिरावट आई।
विदेशी बाजारों का हाल :
जापान का निक्केई 16 माह के निचले स्तर रहा। बुधवार को 2.4 फीसदी की गिरावट के साथ 16,000 अंको से नीचे चला गया। सिंगापुर का स्ट्रेट टाइम्स 1.6 फीसदी फिसला। हालांकि यूरोपीय बाजारों में कंपनियों की आय में सुधार होने से सूचूकां सकारात्मक रहे। सीएसी और डेक्स 2 फीसदी चढ़े। एफटीएसई भी एक फीसदी की बढ़त पर थे।