स्टाम्प ड्यूटी देकर वैध होंगी टीटी नगर की 700 दुकानें
भोपाल | टीटी नगर की 700 दुकानों को वैध किया जाएगा। मार्केट के 700 व्यापारी निर्धारित स्टाम्प शुल्क 70 लाख रुपए चुकाएंगे। इसके बाद दुकानों को कानूनी तौर पर रजिस्टर्ड कर दिया जाएगा। रविवार को टीटी नगर व्यापारी संघ और पंजीयन विभाग के अफसरों के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है। न्यू मार्केट व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुमार गंगराड़े का कहना है कि 38 साल पहले नगर निगम ने व्यापारियों को दुकानों का आवंटन किया। लेकिन स्टाम्प ड्यूटी के बारे में नहीं बताया। बावजूद इसके व्यापारी स्टाम्प ड्यूटी जमा करने को तैयार हो गए हैं।
व्यापारी ने पंजीयन विभाग के अफसरों के सामने मांग रखी थी कि बकाया 10 गुना पेनाल्टी न ली जाए। इस पर अफसरों ने सहमति दी है। सोमवार से स्टाम्प ड्यूटी जमा करने काम शुरू कर दिया जाएगा। जिला पंजीयक डॉ पवन कुमार अहिरवार का कहना है कि व्यापारियों के साथ बैठक में व्यापारियों मांग रखी थी पेनाल्टी न ली जाए। इस पर सहमति दे दी गई है। बकाया स्टाम्प ड्यूटी चुकाते ही टीटी नगर 700 दुकानों को वैध करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। उनका कहना है कि टीटी मार्केट में कई व्यापारी ऐसे भी हैं जिनके नाम पर दुकान रजिस्टर्ड नहीं है। स्टाम्प ड्यूटी देने के बाद इनको भी रजिस्टर्ड कर दिया जाएगा।
हर सप्ताह लगेंगे शिविर
टीटी नगर में व्यापारियों की स्टाम्प ड्यूटी बकाया रकम जमा करने के लिए हर सप्ताह शिविर लगाए जाएंगे। यह शिविर शहर के विभिन्न इलाकों लगेंगे।