प्रशासन अकादमी की स्वर्ण जयंती नए ऑडिटोरियम में
भोपाल| आरसीवीपी नरोन्हा एकेडेमी भोपाल अप्रैल में गोल्डन जुबली मनाने जा रही है। कार्यक्रम 500 सीट की क्षमता वाले नए व आधुनिक तकनीक से बने ऑडिटोरियम में हो, ऐसी कोशिश की जा रही है। इसका 98 फीसदी काम पूरा हो गया है। फिनिशिंग चल रही है। इस पर करीब तीन करोड़ रुपए खर्च होने है, जिसके लिए चौथे अनुपूरक बजट में प्रावधान कर दिया गया है। ऑडिटोरियम के साथ-साथ 54 कमरों का नया हॉस्टल भी बनाया जा रहा है। इसके बाद ट्रेनिंग के लिए प्रोबेशनर आईएएस अधिकारियों की प्राथमिकता में भोपाल शामिल हो जाएगा। सर्वसुविधा युक्त हॉस्टल का काम भी लगभग पूरा हो गया है।
नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत में ही दोनों के काम पूरे हो जाएंगे। हॉस्टल और ऑडिटोरियम पर 19 करोड़ रुपए की लागत आ रही है। राज्यों में स्थापित एडमिनिस्ट्रेटिव एकेडेमी में पड़ोसी राज्यों से भोपाल की एकेडेमी ज्यादा बेहतर हो गई है। एकेडेमी ने हाल ही में हुई मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की समीक्षा बैठक में स्वीमिंग पूल का भी प्रस्ताव रख दिया है। एकेडेमी के अधिकारियों ने बताया कि पुराने ऑडिटोरियम व लाइब्रेरी को भी ठीक करने के लिए सवा तीन करोड़ रुपए मंजूर हो चुके हैं। यहां बता दें कि इस समय 2014 बैच के प्रोबेशनर्स आईएएस की ट्रेनिंग चल रही है।