जेएनयू में राष्ट्र विरोधी नारों के खिलाफ भोपाल में प्रदर्शन
जेएनयू में देश विरोधी नारे और छात्र संघ अध्यक्ष की गिरफ्तारी को लेकर उठे विवाद का असर भोपाल में भी दिखने लगा है। शहर के अलग-अलग छात्र संगठनों ने भी जेएनयू में राष्ट्रविरोधी नारों के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। रविवार को मैनिट में 600 छात्रों ने रैली निकाल कर विरोध जताया। वहीं, शहीद हुए हनुमंथप्पा व अन्य साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उधर, शहर के संगठन यंग्स थियेटर और मुस्लिम राष्ट्र मंच से जुड़े कलाकारों ने भी जेएनयू में अफजल गुरु की बरसी मनाने व भारत विराेधी नारे लगाने के विरोध में रंगमहल से डिपो चौराहे तक रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। एक अन्य छात्र संगठन ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ने जेएनयू की घटना से किसी प्रकार का कोई संबंध होने से इंकार किया है। एबीवीपी ने भी सोशल मीडिया में चल रहे उस वीडियो को फर्जी बताया है जिसमें संगठन कार्यकर्ताओं के भी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का दावा किया जा रहा है। इधर भेल क्षेत्र के कॉलेजों में भी इसके विरोध में प्रदर्शन किया गया।
रंगकर्मियों ने जेएनयू में देश विरोधी नारों के खिलाफ रैली और प्रदर्शन किया।