पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

आसमां में 3 मिनट का रोमांच

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एक्सपीरियंस बाय मनीष मिश्र

भोज एडवेंचर फेस्ट में रविवार सुबह की शुरुआत एडवेंचर से भरी स्काई डाइविंग से हुई। भोपाल में साल 2012 के बाद पहली बार डाइविंग हो रही थी। देश के तीन मशहूर स्काई डाइवर्स को 7 हजार फीट की ऊंचाई से नीचे आते देखने के लिए लोग आसमान की ओर टकटकी लगाए खड़े थे। कलियासोत ग्राउंड पर 10 बजे एटीसी से फ्लाइट क्लियरेंस की खबर आई। मतलब अगले आधे घंटे में भोपाल एयरपोर्ट से विमान सेसना स्काई डाईवर्स को लेकर उड़ान भरने वाली थी। 10:45 बजते-बजते विमान आसमान में दिखना शुरू हो गया। वायरलेस से वहां मौजूद लोगों को सूचना दी गई कि विमान इस वक्त करीब 2 हजार फीट की ऊंचाई पर है। डाइवर्स को लैंडिंग ग्राउंड का अंदाजा देने के लिए नारंगी रंग का धुआं छोड़ा गया। आसमान के दो चक्कर लगाकर विमान 7 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचा। अब ग्राउंड से उसे देख पाना मुश्किल हो रहा था। कुछ ही मिनटों में भोपाल के रुद्रभानु सिंह सोलंकी, आर्मी के शिव सिंह और नेवी के राजकुमार बालाकृष्णन विमान से एक-एक कर कूदे। अगले तीन मिनट रोमांच अपने चरम पर था। शिव सिंह ने लैंडिंग से पहले आसमां में कलाबाजियां दिखाई। इसके बाद रुद्र ने परफेक्ट लैंडिंग की। आखिर में राजकुमार सेल्फी लेते हुए उतरे। उन्होंने अपने हाथ में बंधे गो प्रो कैमरे से करीब 200 सेल्फीज़ ली और वीडियो भी बनाया। तीनों शानदार लैंडिंग्स के बाद कलेक्टर ने गर्मजोशी ने उनका स्वागत किया और लोगों ने तालियों से उनके हौसले को सलाम किया।

कलियासोत मैदान मेंं लैंड करते रुद्रभानु सिंह सोलंकी ।

एडवेंचर फेस्ट में कलेक्टर निशांत वरवड़े (ऊपर) ने पैरासेलिंग की।

अपने शहर में डाईविंग पहली बार
यह पहला मौका था जब देश के यंगेस्ट पैराजंपिंग कोच रुद्रभानु सिंह सोलंकी ने अपने शहर में डाईविंग की। यह उनके लिए उतना ही रोमांचकारी था, जैसे यह उनकी पहली डाइव हो। रुद्र फिलहाल अलीगढ़ में सिविलियंस को पैरा जंपिंग सिखा रहे हैं। वह 150 से ज्यादा बार जंप कर चुके रुद्र ने अमेरिका से स्काई डाईविंग का कोर्स किया है। 23 साल की उम्र में साल 2013 में उन्होंने पहली डाइव की थी। वहीं शिव सिंह (42) 3 हजार और राजकुमार (38) 5 हजार बार स्काई जंपिंग कर चुके हैं। उन्होंने सेना के लिए भी कई ऑपरेशन्स को अंजाम दिया है।

भोज एडवेंचर फेस्ट में रविवार को हवा में कलाबाजियां करते और सेल्फी लेते सात हजार फीट से उतरे तीन पैरा जम्पर्स
रुद्रभानु सोलंकी

खबरें और भी हैं...