पेट्रोल न देने पर कर्मचारी से विवाद
किलोल पार्क स्थित पेट्रोल पंप पर बगैर हेलमेट पेट्रोल न देने पर शनिवार सुबह फिर विवाद हो गया। बात बढ़ती इससे पहले ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को चलता किया। महीनेभर के भीतर इस पंप पर ये दूसरा मौका था, जब हेलमेट न देने पर विवाद हुआ।
श्यामला हिल्स टीआई नरेंद्र सिंह ठाकुर के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे पेट्रोल पंप पर विवाद की सूचना मिली थी। पुलिस पहुंची तो पता चला कि एक युवक पंप कर्मचारियों से पेट्रोल न मिलने पर बहस कर रहा था। वजह ये थी कि युवक ने किसी अन्य बाइक सवार से हेलमेट मांग लिया था।
पंप कर्मचारी ने ये कहते हुए पेट्रोल देने से इनकार कर दिया कि हमारे सामने ही हेलमेट लोगे तो पेट्रोल नहीं देंगे। इस पर युवक भड़क गया और बहस शुरू कर दी। हालांकि पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाया और युवक को बगैर पेट्रोल लिए ही लौटा दिया।