कलेक्टर गाइडलाइन: उपजिला मूल्यांकन समिति की बैठक
115 में से 25 स्थानों पर दाम बढ़ाने की गुंजाइश
राजधानी सहित आसपास के इलाकों में रजिस्ट्री की तादाद कम होने के बावजूद करीब दो दर्जन क्षेत्रों में नई कॉलोनियां बनाई जा रही हैं। इन क्षेत्रों में कुछ रजिस्ट्री कलेक्टर गाइडलाइन से ज्यादा रेट पर की गई है। शनिवार को उपजिला मूल्यांकन समिति की बैठक में यह बात सामने आई है। पटवारियों को इन क्षेत्रों का विस्तृत सर्वे करने की हिदायत दी गई है।
बैठक में सभी रजिस्ट्रार, आरआई और पटवारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की जमीन और भूखंडों की वर्तमान स्थिति संबंधी रिपोर्ट पेश की। सब-रजिस्ट्रारों ने बताया कि पंजीयन विभाग द्वारा कलेक्टर गाइडलाइन से ज्यादा रेट पर रजिस्ट्री वाले 115 क्षेत्रों में से 25 जगहों पर नई कॉलोनियां, प्रोजेक्ट्स आ रहे हैं। ऐसे में इन जगहों पर जमीनों के दाम बढ़ाने की गुंजाइश है। उपजिला मूल्यांकन समिति की अध्यक्ष माया अवस्थी ने सब-रजिस्ट्रारों को निर्देश दिए हैं कि जिले में जहां कहीं भी तीन से ज्यादा रजिस्ट्री हुई हैं, वहां की जानकारी अलग से जुटाई जाए। जिससे इन क्षेत्रों में प्रापर्टी के रेट का आकलन किया जा सके। समिति की अगली बैठक 17 मार्च को रखी गई है।
इस दिन सब-रजिस्ट्रार और आरआई-पटवारी दोबारा अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे। एसडीएम अवस्थी का कहना है कि आरआई पटवारी और सब-रजिस्ट्रारों ने अपनी-अपनी रिपोर्ट पेश की हैं। नए इलाकों में प्रॉपर्टी के दामों की सर्चिंग चल रही है।