हवलदार ने बचाई गड्ढे में डूबते किशोर की जान
सीवेज भरे एक बड़े गड्ढे में डूब रहे किशोर की जान शनिवार सुबह डायल-100 के स्टाफ ने बचा ली। मौके पर पहुंची टीम ने पहले उसे रस्सी फेंककर बाहर खींचने की नाकाम कोशिश की। फिर टीम में शामिल हवलदार ने गंदे पानी की परवाह किए बगैर गड्ढे में छलांग लगा दी और किशोर को बचा लिया। मामला कोलार थाना क्षेत्र का है।
शनिवार सुबह करीब दस बजे डायल-100 कंट्रोल रूम को आम्रइडन पार्क कॉलोनी के पीछे बने गए बड़े गड्ढे में 16 वर्षीय किशोर के डूबने की सूचना मिली थी। मौके पर कोलार थाने की एफआरवी को भेजा गया। इसमें एएसआई सोभरन सिंह और हवलदार नंदलाल पदस्थ हैं।
टीआई सुदेश तिवारी के मुताबिक एफआरवी जब यहां पहुंची तो दामखेड़ा निवासी अभिषेक यादव पानी में डूब रहा था। वह खेलते-खेलते करीब 1600 वर्गफीट के गड्ढे में गिर गया था। पहले उसे रस्सी की मदद से पानी और कीचड़ से बाहर निकालने की कोशिश की गई। लेकिन कीचड़ में फंसे होने के कारण वह रस्सी नहीं पकड़ पा रहा था। इसके बाद नंदलाल ने पानी में छलांग लगा दी। दोनों ही कीचड़ में धंसने लगे। तभी एएसआई ने रस्सी फेंक दी, जिसे पकड़ कर दोनों बाहर आ गए। कहा जा रहा है कि यदि कुछ देर और अभिषेक को बाहर नहीं निकाला जाता तो शायद वह डूब जाता।
गौरतलब है कि इस गड्ढे में सीवेज का पानी और गंदगी जमा होती है। इसके चारों आेर न तो बाउंड्रीबॉल है और न ही सुरक्षा के अन्य इंतजाम। एेसे में कभी भी कोई हादसा हो सकता है।
अभिषेक यादव