रहवासियों के थे वाहन
16 दो पहिया वाहन जलकर खाक
दवा बाजार की पार्किंग में आग
भोपाल | दवा बाजार स्थित वर्धमान सिटी प्लाजा की पार्किंग में खड़े दो पहिया वाहनों में शनिवार तड़के आग लग गई। आग की चपेट में आए 16 दो पहिया वाहन जलकर खाक हो गए। इस दौरान एक दवा दुकान को भी नुकसान हुआ है। ये हादसा है या साजिश फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है।
हनुमानगंज थाने के एसआई राधेश्याम अपने स्टाफ के साथ नाइट गश्त पर थे। सुबह चार बजे उन्हें वर्धमान सिटी प्लाजा के बाहर खड़े वाहनों में आग की सूचना मिली। जब तक फायर ब्रिगेड पहुंचती, तब तक आग ने एक कतार में खड़े 16 दो पहिया वाहनों को चपेट में ले लिया था। हवा चलने के कारण आग रेवा मेडिकल तक जा पहुंची। इससे दुकान के कंप्यूटर, काउंटर और दवाओं को नुकसान हुआ है।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। लेकिन इस दौरान सभी दो पहिया वाहन जलकर खाक हो गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ आगजनी का केस दर्ज कर लिया है।
आग हादसा है या साजिश:
अंदाजा लगाया जा रहा है कि आग पास ही पड़े कचरे के कारण लगी होगी। लेकिन भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन के सेक्रेटरी दिनेश बलेचा ने इस पर सवाल उठाया है। बलेचा ने अंदाजा लगाया है कि आग पेट्रोल चुराने वालों ने लगाई होगी। बाजार में खड़े वाहनों से पेट्रोल चोरी की घटनाएं आम बात है। सभी आरोपी नशे के आदी होते हैं। संभव है कि उन्होंने नशे की हालत में या किसी नाराजगी में जानबूझकर वाहनों में आग लगा दी हो।
टीआई जीतेंद्र पाठक के मुताबिक वर्धमान सिटी प्लाजा के पीछे का हिस्सा रहवासी क्षेत्र है। जो वाहन जले हैं, वे इन मकानों में रहने वाले लोगों के थे। दुकान के सामने पार्किंग को लेकर कभी कभार बहस होती रही है। लिहाजा इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है कि कहीं आग किसी और कारण से तो नहीं लगाई गई?