ओएसडी के बयान लेने भोपाल पहुंची टीकमगढ़ पुलिस लौटी खाली हाथ
क्राइम रिपोर्टर | टीकमगढ़/भोपाल
वल्लभ भवन में पदस्थ ओएसडी एसएन ब्रम्हे से धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के मामले में पूछताछ करने पहुंची टीकमगढ़ पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। टीम जैसे ही उनके मकान पर पहुंची वे छत के रास्ते दूसरे मकान पर जा पहुंचे। एसपी निमिष अग्रवाल के मुताबिक वर्ष 2014 में ब्रम्हे टीकमगढ़ एसडीएम थे। तत्कालीन कलेक्टर केदार शर्मा पर ब्रम्हे ने अनावश्यक परेशान करने का आरोप लगाया था। इसके बाद उनका ट्रांसफर जतारा कर दिया गया। ब्रम्हे ने इसकी शिकायत पुलिस के अलावा सचिवालय में भी की थी। साल 2015 में जतारा एसडीएम रहने के दौरान उन पर आरोप लगा कि राशन दुकानों के लिए बनाई गई सोसायटी में नियमों की अनदेखी कर अपात्रों को लाभ दिया गया है। शिकायत के बाद कलेक्टर ने जांच कराई और प्रतिवेदन के आधार पर ब्रम्हे के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ।
उनके खिलाफ देहात थाने में शासकीय अभिलेख गायब करने का मामला भी दर्ज है। प्रमोशन के बाद इन दिनों वे वल्लभ भवन में बतौर ओएसडी पदस्थ हैं। इन्हीं मामलों में उनके बयान लेने के लिए शनिवार शाम टीकमगढ़ पुलिस त्रिलंगा स्थित उनके निवास पर पहुंची थी। एएसपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि घर पर न मिलने के कारण शनिवार रात तक उनके बयान दर्ज नहीं किए जा सके।