भोपाल. अयोध्या बायपास स्थित वर्धमान ग्रीन सिटी में रहने वाले पुलिस के डीएसपी एजेके डॉ. दिनेश जोशी व होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ शशि जोशी की बेटी मुस्कान एमबीबीएस की पढ़ाई के साथ अपनी पहचान भरतनाट्यम में भी बना रही हैं।
अभी हाल ही में उन्होंने कॉलेज के कार्यक्रम में अपनी बेहतरीन प्रस्तुति दी। मुस्कान की मां डाॅ. शशि के अनुसार किसी भी प्रकार का डांस सिर्फ प्रशिक्षण से नहीं सीखा जा सकता है। इसके लिए बच्चे में टेलेंट होना चाहिए। हां प्रशिक्षण के द्वारा सही दिशा जरूर मिलती है।
मुस्कान को 4 साल की आयु से ही डांस का काफी शौक था। कहीं भी गीत-संगीत की आवाज सुनाई देती तो वह डांस के लिए जिद करती थी। उसकी यही जिद धीरे-धीरे उसे इस मंजिल तक ले आई कि हर जगह उसे स्थान मिलने लगा।
जवाहर स्कूल में जब तक पढ़ाई चलती रही तब तक उसके डांस हर प्रोग्राम में होते रहे। इसके बाद कॉलेज में आने के बाद भी उसकी पहचान किसी तरह से छिप नहीं पाई और पूरे कॉलेज को जानकारी मिल गई कि मुस्कान भरतनाट्यम में पारंगत हैं।
अब कॉलेज में जो भी कार्यक्रम होता है, सभी की फरमाइश रहती है कि मुस्कान का भरतनाट्यम डांस भी होना चाहिए। इसके अलावा मुस्कान ने दूरदर्शन में भी कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए हैं। मुस्कान के अनुसार मां होम्योपैथिक डाक्टर होने के बाद भी उन्हें डांस में आगे बढ़ने में पूरा सहयोग कर रही हैं। बचपन में जब सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब उन्होंने प्रोत्साहित किया है।