भाेपाल. शुजालपुर के युवा टेबल टेनिस खिलाड़ी शांतनु त्यागी ने स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने फाइनल में पाकिस्तान के अली कुरैशी को हराया। 18 वर्षीय शांतनु शुजालपुर के बीके त्यागी के बेटे हैं, जो शासकीय जवाहरलाल नेहरू कॉलेज में प्रोफेसर हैं।
शांतनु के पिता ने बताया कि शिलांग में आयोजित सार्क देशों की अंडर-21 प्रतियोगिता में खेलते हुए पहले राउंड में शांतनु ने बांग्लादेश के रेहमान अली और दूसरे राउंड में श्रीलंका के चिंतान शिलवा को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला बिनाया सरकार से हुआ और यहां भी उसने जीत हासिल करते हुए फाइनल में जगह बना ली। फाइनल में शांतनु ने अली कुरैशी को हराया।
पाकिस्तान के खिलाड़ी को हराकर जीता गोल्ड मैडल
यहां जोश और उत्साह दिखाते हुए शांतनु ने पाकिस्तान के खिलाड़ी को मात दे दी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का झंडा फहराते हुए गोल्ड मैडल पर कब्जा कर लिया। शांतनु के पिता त्यागी ने बताया गत वर्ष दिसंबर माह में सूरत में आयोजित कॉमनवेल्थ चैम्पियनशिप में जीत हासिल होने के बाद शांतनु का चयन बर्लिन में खेली गई जर्मन ओपन टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ था।
ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने की इच्छा
फिलहाल शांतनु शहर नहीं पहुंच पाया। इस दौरान चर्चा में उनके पिता त्यागी ने बताया बेटे शांतनु की इच्छा हमेशा ओलंपिक गेम्स में शामिल होकर टेबल टेनिस में भारत का प्रतिनिधित्व करने की रही है। शांतनु की यह जीत सफलता की पहली सीढ़ी है। इससे क्षेत्र के युवाओं का हौसला भी बढ़ेगा।