भोपाल. ओल्ड कैंपियन मैदान पर शनिवार को कर्मचारी इलेवन और पुलिस टीम में विवाद हो गया, जिससे पांचवीं गंगाराम शर्मा स्मृति टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल नहीं खेला जा सका। दोनों टीमें बगैर खेले मैदान से लौट गई। अब रविवार सुबह खेल संस्था और पुलिस इलेवन के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा।
यह टूर्नामेंट सरकारी कर्मचारियों के लिए है। इसमें सिर्फ कर्मचारी ही खेल सकते हैं। कर्मचारी इलेवन से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर जेपी यादव और रणजी खिलाड़ी सलमान बेग उतरे। सलमान जैसे ही ओपन करने उतरे पुलिस टीम ने परिचय पत्र मांग लिया। और पूछा कहां नौकरी करते हो। उन्होंने कहा रेलवे में , तो फिर परिचय पत्र बताओ। सलमान परिचय पत्र लेकर तो गए नहीं थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों टीमें बगैर खेले लौट गईं। बाद में सलमान बेग ने अपना परिचय पत्र आयोजक कमेटी को सौंपा, लेकिन तब तक दिन ढल चुका था।
इससे पहले पुलिस टीम ने धमकाने के अंदाज में अपनी प्लेइंग इलेवन में धोनी, विराट कोहली, शिखर धवन और रोहित शर्मा जैसे सुपर स्टार्स के नाम लिख दिये थे और कहा था यह हमारी टीम से खेलेंगे।