गुना/भोपाल. वैराग्य का संदेश देते-देते एक संन्यासी को रशियन महिला से प्यार हो गया। अब दोनों गृहस्थी बसाना चाहते हैं। संन्यासी गुना जिले के आरोन का निवासी है। जबकि उनकी होने वाली पत्नी रूस की है।
इनकी उम्र में 23 वर्ष का अंतर है। दोनों ने बंगाल एडीएम के पास कोर्ट मैरिज की अर्जी लगाई है। वहां के प्रशासन ने संन्यासी के बारे में जिला प्रशासन से जानकारी तलब की है। 63 वर्षीय संन्यासी प्रभात गिरी पुत्र रमेश गिरी ने कोर्ट मैरिज के लिए दिए शपथ पत्र में स्वयं को गुना जिले की आरोन तहसील सहरोक रोड का निवासी एवं अविवाहित बताया है।
उसके द्वारा दी गई जानकारी की पुष्टि कराई जा रही है। अपर कलेक्टर नियाज अहमद खान को बंगाल प्रशासन ने पत्र लिखा है। उनसे कहा है कि आपके जिले में रहने वाले इस संन्यासी के बारे में सूचना प्रकाशित कराई जाए। अपर कलेक्टर न्यायालय ने संन्यासी की सूचना आरोन तहसील एवं कलेक्टोरेट में बुधवार को चस्पा की। अगर किसी व्यक्ति को आपत्ति है तो वह दर्ज करा सकता है।