भोपाल. दूसरी पत्नी के साथ मिलकर एक टेलर ने पहली पत्नी को जमकर पीटा फिर जबरन फिनाइल पिला दिया। आरोपी दूसरी पत्नी को भी साथ रखना चाहता था, लेकिन परिवार इसके लिए तैयार नहीं था।
कोहेफिजा पुलिस ने आरोपी और उसकी दूसरी पत्नी के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरी पत्नी के साथ मिलकर पहली को पिलाया फिनाइल
खानूगांव निवासी मोहम्मद आरिफ पेशे से टेलर है। एक साल पहले उसकी शादी 23 वर्षीय साजिया से हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद से ही आरिफ एक अन्य महिला समरीन के संपर्क में आ गया। दोनों ने शादी भी कर ली। सीएसपी सुनील शिवहरे के मुताबिक आरिफ मंगलवार रात साढ़े नौ बजे समरीन को लेकर घर आया। साजिया ने इसका विरोध किया तो दोनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने साजिया को फिनाइल पिला दिया।शोर सुनकर पहली मंजिल पर रहने वाले आरिफ की मां शकीला और बहन यास्मिन ने आकर उसे बचाया।
वारदात के बाद दोनों आरोपी मौका पाकर भाग निकले। साजिया को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर लिए हैं।