बजट में दिखेगी मेक इन इंडिया की तस्वीर
मध्यप्रदेशके बजट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया की तस्वीर दिखाई देगी। इसे ध्यान में रखकर ही अगले वित्तीय वर्ष का बजट तैयार किया जा रहा है। संकेत मिले हैं कि चालू वित्तीय वर्ष की तुलना में नए साल (2015-16) के बजट में करीब 20 हजार करोड़ रुपए का इजाफा किया जा रहा है। उद्योग, व्यापार और स्व रोजगार के लिए ज्यादा से ज्यादा राशि का प्रावधान करने की कोशिश की जा रही है।
राज्य सरकार के सूत्रों ने बताया कि केंद्र सरकार ने भाजपा शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर आगामी बजट मेक इन इंडिया को ध्यान में रखकर बनाने की सलाह दी है। इसके मद्देनजर राज्य में इन योजनाओं के क्रियान्वयन करने के लिए बजट में राशि का प्रावधान किया जा रहा है। यानी उद्योगों को बढ़ावा देने, व्यापार और स्व रोजगार से जुड़ी योजनाओं के लिए कुछ नए कदम उठाने की तैयारी है। इसके अलावा बजट में ऊर्जा, सड़क, ग्रामीण विकास, सामाजिक योजनाएं और सिंचाई पर सबसे ज्यादा राशि का प्रावधान किया जाएगा।