शिवराज विधायकों से भी कहेंगे-सदस्य बनाओ
नगरीयनिकाय चुनाव के बाद भाजपा में सदस्यता को लेकर मुहिम तेज हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की ओर से मिले सदस्यता लक्ष्य को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद लक्ष्य लेंगे। साथ ही विधायकों को भी अभियान में जुटने को कहेंगे। इस मुहिम की रूपरेखा तय करने के लिए सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे भोपाल रहे हैं। वे यहां कोर कमेटी की बैठक लेंगे। कमेटी में सीएम, प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी, सुंदरलाल पटवा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा समेत केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर थावरचंद गेहलोत शामिल हैं।
इसके अलावा सहस्त्रबुद्धे पार्टी कार्यालय में कुछ और बैठकें भी लेंगे। रविवार को संगठन मंत्रियों की सदस्यता के संबंध में बैठक हुई। इसमें संगठन मंत्रियों ने यह बात कही कि पंचायत चुनावों के कारण सदस्यता मुहिम में व्यवहारिक दिक्कत रही है। विधायक भी अपेक्षित सहयोग नहीं कर रहे। लिहाजा, सोमवार को संगठन मंत्रियों की सदस्यता प्रभारियों के साथ फिर बैठक होगी। इसके बाद कोर कमेटी की बैठक शाम 5 बजे होगी।