सुरक्षा दीवार टूटने से बढ़ रही हैं चोरी
मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ने बीमा परिसर सोनागिरी की समस्याओं का निराकरण शीघ्र कराने के लिए पिछले दिनों कर्मचारी राज्य बीमा निगम के डायरेक्टर जनरल को पत्र सौंपा। इस पत्र में कहा गया है कि परिसर की दीवार टूटने से यहां रोजाना चोरी हो रही है। वहीं पूरे परिसर की स्थिति ही खराब है।
कर्मचारी संघ के विभागीय सचिव श्यामलाल खोकर के अनुसार पत्र में कहा गया है कि परिसर के 120 मकानों का मेंटेनेंस कर्मचारी राज्य बीमा इंदौर द्वारा संपादित किया जाता है। इस आवासीय परिसर में 500 अधिकारी कर्मचारी रहते हैं। पिछले तीन साल से परिसर का मेंटेनेंस बंद है। इस परिसर की पानी लाइन, सीवेज लाइन, स्ट्रीट लाइट, पानी की टंकी, नालियां, सुरक्षा दीवार, छज्जे, खिड़की दरवाजे सहित सभी जर्जर स्थिति में हैं। सुरक्षा दीवार टूटी होने से पानी के पंप की केबल कई बार चोरी हो चुकी है।
संघ के पदाधिकारी केवी मेवाड़े, अनंत राम उपाध्याय, गोकुल प्रसाद कुशवाह कमलेश कुमार लोहट ने क्षेत्र में व्याप्त कई तरह की समस्याओं को तुरंत हल करवाने की मांग की है।