शादी में आए वाहनों की रोड पर पार्किंग
मैरिज गार्डन में वाहन पार्किंग के इंतजाम कराने को लेकर नहीं हो रही कार्रवाई
अव्यवस्था
शहरमें मैरिज गार्डन में अवैध तरीके से निर्माण और अव्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम ने भले ही कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन कोलार में इस मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है। जबकि कोलार के ज्यादातर मैरिज गार्डन नियम-कायदों की अनदेखी कर रहे हैं। मेन रोड पर स्थित अधिकांश मैरिज गार्डन में वाहन पार्किंग के सुविधा नहीं है। उनमें शादी समारोह के मौके पर आए वाहन सड़क के किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। इससे अन्य वाहन चालकों को परेशानी होती है। ट्रैफिक जाम होता है।
इसका कारण है पार्किंग के प्रावधान का कड़ाई से पालन नहीं किया जाना। नगर पालिका कोलार के कार्यकाल में सख्ती के दौरान कार्रवाई से बचने के लिए गेहूंखेड़ा नयापुरा में स्थित मैरिज गार्डन ने वाहन पार्किंग के लिए गार्डन के अंदर व्यवस्था बनाई थी। कुछ समय व्यवस्थित तरीके से वाहन पार्क भी हुए पर उसके बाद फिर से सड़कों का पर वाहन खड़े किए जाने लगे। अब कोलार नगर निगम में है और गार्डन में जगह भी उपलब्ध है पर पार्किंग सड़क पर ही हो रही है। इस बारे में नगर निगम के अफसों का कहना है कि कोलार में मैरिज गार्डन में पार्किंग की अनदेखी करने वाले संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कहां-कहांहै दिक्कत
कोलारमें अधिकांश मैरिज गार्डन मेन रोड पर स्थित हैं। शुरुआत चूनाभट्टी से होती है। उसके आगे बंजारी चौराहे के पास, ललिता नगर चौराहे के पास, गेहूंखेड़ा चौराहे के पास और नयापुरा में। इन जगहों पर शादी समारोह के समय रोड के दोनों तरफ लाइन से वाहन पार्क किए देखे जा सकते हैं।