- Hindi News
- टीचर ने ऐसा मारा कि बच्ची के हाथ में हो गया फ्रेक्चर
टीचर ने ऐसा मारा कि बच्ची के हाथ में हो गया फ्रेक्चर
ईदगाहहिल्स स्थित मौलाना आजाद हायर सेकंडरी स्कूल में एक बच्ची को क्लास टीचर ने बुरी तरह से मारा, जिससे उसके हाथ में फ्रेक्चर हो गया। बच्ची को जानने वाले एक व्यक्ति ने बाल आयोग को मेल करके पूरे मामले की जानकारी दी। साथ ही नाम और पता गोपनीय रखने का आग्रह किया। बाल आयोग की अध्यक्ष उषा चतुर्वेदी ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच करने को कहा है। घटना मंगलवार की बताई जा रही है।
आयोग की अध्यक्ष उषा चतुर्वेदी ने बताया कि एक व्यक्ति ने मेल पर जानकारी दी है कि मंगलवार को असेम्बली के बाद बच्ची स्कूल से घर गई थी। इसके बाद क्लास टीचर ने उसे घर से बुलाया और उसकी पिटाई लगा दी। उसे स्केल से पीटा गया था। पिटाई के दौरान स्केल उसकी कोहनी में जोर से लग गया, जिससे उसे फ्रेक्चर हो गया। इसकी शिकायत बच्ची के अभिभावक ने शाहजहांनाबाद थाने में की थी लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया। उल्टे पुलिस द्वारा दबाव बनाया गया कि किसी से शिकायत की जाए। श्रीमती चतुर्वेदी ने बताया कि बच्ची के शुभचिंतक ने लिखा है कि इस मामले में अभिभावक तो चुप हो गए लेकिन उसे लगा कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना चाहिए इसलिए आयोग को मेल किया है।