गंदगी और अतिक्रमण से अव्यवस्था
आनंद नगर मार्केट के व्यापारियों को इन दिनों मार्केट के पास फैली गंदगी और अव्यवस्था के कारण काफी परेशानी हो रही है। अस्थाई अतिक्रमण भी लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है...
भेल भास्कर .भोपाल
भेलक्षेत्र का मुख्य मार्ग सबसे व्यस्ततम तिराहा होने के नाते आनंद नगर मार्केट में ग्राहकों की आमद काफी ज्यादा है। 60 से भी ज्यादा दुकानों वाले इस मार्केट में किराने होटल से लेकर मैकेनिक, शर्टिंग-सूटिंग सहित कई दुकानें मौजूद हैं। स्थानीय लोगों को शायद ही किसी चीज के लिए टाउनशिप स्थित दुकानों या फिर शहर की ओर रुख करना होता है। यहां की मुख्य समस्या मार्केट के आसपास अतिक्रमण है। पिछले साल सब्जी मंडी शिफ्ट होने के बाद भी समस्या खत्म नहीं हो रही है।
खरीदार और व्यापारियों का कहना है कि अव्यवस्थाओं के कारण लोग इस मार्केट में आना पसंद नहीं कर रहे हैं। एक साल पहले आनंद नगर से कोकता की सड़कों को सुधारा गया था, लेकिन इस समय हालत काफी खराब है। खराब पैचवर्क के चलते सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है।
पार्किंगके लिए भी परेशानी
आनंदनगर में इस वक्त अतिक्रमण के चलते वाहनों की पार्किंग को लेकर आए दिन बहस होती है, वहीं अव्यवस्था की वजह से ग्राहकों को दुकानों तक आने में परेशानी हो रही है। सब्जी मंडी हटने के बाद पार्किंग के लिए जगह खाली हुई है, लेकिन पार्किंग बनने से वाहन आड़े-तिरछे खड़े रहते हैं। खरीदारों के अनुसार नगर निगम द्वारा क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त करने की पहल तो की जाती है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद स्थिति जस की तस हो जाती है।
^अव्यवस्थाअतिक्रमण के कारण मार्केट में काफी परेशानी हो रही है। इसका खामियाजा रहवासी और व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। ओंकारसिंह, खरीदार
^नियमित सफाई के अभाव में क्षेत्र में गंदगी का आलम है। निगम कर्मचारी शायद ही यहां सफाई करते देखे जाते हैं। इस संबंध में नगर निगम में भी शिकायत की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। सीएसअहिरवार, खरीददार
^आनंद नगर मार्केट में अव्यवस्था का सबसे बड़ा कारण 6 सीटर आॅटो का बीच रास्ते में खड़ा होना है। इसी जगह से कॉलेज की बसें निकलती हैं। इससे दिनभर जाम की भी स्थिति रहती है। जगप्रवेशगुप्ता, व्यापारी