पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 10 लाख के टर्नओवर वाले परिवार से सवा करोड़ का लोन लेना दिखाया

10 लाख के टर्नओवर वाले परिवार से सवा करोड़ का लोन लेना दिखाया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आयकरविभाग ने भोपाल और हरदा में बिल्डर, ज्वैलर्स सहित अन्य कारोबारियों के यहां आयकर की बड़ी गड़बड़ियां पकड़ी हैं। शुक्रवार की दोपहर एक साथ की गई कार्रवाई में कई चौंकाने वाले जानकारियां मिली हैं। इनमें राजधानी के एक रियल एस्टेट कारोबारी ने कागजात में करीब सवा करोड़ का लोन ऐसे परिवार से लेना दिखाया है, जिसका सालाना टर्न ओवर ही महज 10 लाख रुपए है। देर रात महेंद्रा बिल्डर ने 7 करोड़ तथा हरदा के नयनतारा ज्वेलर्स ने दो करोड़ की अघोषित आय स्वीकार कर ली है।

शुक्रवार दोपहर 12 बजे से हुई कार्रवाई के तहत मालवीय नगर में रियल एस्टेट का कारोबार करने वाले ग्लोबल मेगा वेंचर (जीएमवी) के यहां आयकर का सर्वे हुआ। इसमें पता चला कि जीएमवी ने टीटी नगर में जैन परिवार से एक करोड़ 30 लाख रुपए का लोन लेना बताया है। जैन परिवार एलआईजी मकान में रहता है। उसके मुखिया कमल जैन टीचर हैं। यह परिवार सागर में छोटा-मोटा व्यापार करता है, जिसका सालाना टर्न ओवर ही 10 लाख रुपए है। जीएमवी के संचालक ने अपनी मां के नाम पर 70 लाख का लोन दिखाया है। उनकी मां गृहिणी हैं। संचालक के यहां से चार लाख रुपए नगदी अन्य सामान भी मिला है, जिसका वेरिफिकेशन देर रात तक जारी था। एमपी नगर, जोन वन के महेंद्र बिल्डर एंड डेवलपर्स, बैरागढ़ के शो-न्यू साड़ी, मनोज साड़ी, राधाकृष्ण बर्तन वाले तथा हरदा के नयनतारा श्रीजी ज्वैलर्स के यहां आयकर का सर्वे हुआ है।

बिल्डरों समेत सभी कारोबारियों के यहां कम्प्यूटर में भी कुछ जानकारी होने के संकेत मिले हैं। आयकर विभाग के आईटी एक्सपर्ट उसमें से जानकारी तलाश रहे हैं।

महेंद्र बिल्डर एंड डेवलपर पर आयकर विभाग ने एक करोड़ 25 लाख रुपए की डिमांड निकाल रखी है। यह राशि जमा नहीं की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान जब दस्तावेजों में पता चला कि बैंक खाते में बिल्डर फर्म के 75 लाख रुपए रखे हैं तो आयकर विभाग ने इस राशि को जब्त कर टैक्स डिमांड से समायोजित कर दिया।