- Hindi News
- मोबाइल टाॅवरों के रेडिएशन की फिर होगी जांच
मोबाइल टाॅवरों के रेडिएशन की फिर होगी जांच
भोपालसमेत पूरे प्रदेश के रहवासी इलाकों में लगे मोबाइल टाॅवरों से फैलने वाले रेडिएशन की नए सिरे से जांच होगी। यह जांच टेलीकॉम इन्फोर्समेंट रिसोर्स एंड मॉनिटरिंग (टर्म) सेल से कराई जाएगी। भोपाल की उत्तर विधानसभा से विधायक आरिफ अकील की ध्यानाकर्षण सूचना के जवाब नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सदन में यह जानकारी दी।
अकील का कहना था कि भोपाल के सघन आबादी वाले क्षेत्र में मोबाइल टॉवर होने के कारण रेडिएशन फैल रहा है। इससे लोगों को बीमारियां हो रही हैं। कांग्रेस विधायक मुकेश नायक ने भी कहा कि इंटरनेट पर 600 से ज्यादा रिसर्च मौजूद हैं, जिसमें साफ है कि टॉवर के तीन किमी क्षेत्र में इस रेडिएशन से याददाश्त कमजोर होती है, फर्टिलाइजेशन कम होता है, क्लासिकल अल्जाइमर के साथ मेमोरी लॉस होने की आशंका रहती है। विजयवर्गीय ने इस पर कहा कि इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी का उन्होंने भी अध्ययन किया है। यह बात सही है कि रेडिएशन फैलता है, लेकिन उसकी तीव्रता इतनी कम होती है कि नुकसान नहीं होता। टर्म संस्था की ही रिपोर्ट है कि इस रेडिएशन से लोगों, पक्षियों और जानवरों को कोई नुकसान नहीं होता, फिर भी यदि शिकायत है तो एक बार फिर इसका परीक्षण करा लेंगे।