रजिस्ट्रार पर लगाया अभद्रता का आरोप
भोपाल| बरकतउल्लायूनिवर्सिटी की कार्यपरिषद की सदस्य और फारसी विभाग की एचओडी प्रो. ताहिरा वाहिद अब्बासी ने शुक्रवार को रजिस्ट्रार डॉ. एलएस सोलंकी पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। वे पीएचडी की रिसर्च डिग्री कमेटी के लिए इलाहाबाद से आए एक्सपर्ट के टीए-डीए के भुगतान में हो रही देरी को लेकर रजिस्ट्रार से मिलने पहुंची थी। इस पर दोनों में तीखी बहस हो गई। रजिस्ट्रार ने अब्बासी को यह कहकर कमरे से बाहर जाने को कह दिया कि भुगतान करने वाला मैं कोई नहीं होता। महिला प्रोफेसर ने रजिस्ट्रार के इस दुर्व्यवहार की शिकायत रेक्टर डॉ.एनसी शर्मा से की है। रजिस्ट्रार सोलंकी का कहना है कि उन्होंने प्रोफेसर के साथ अभद्रता नहीं की है, वे उन पर गलत आरोप लगा रही हैं। उन्होंने कहा कि उस वक्त मीटिंग में थे इसलिए प्रोफेसर से फायनेंस कंट्रोलर के पास जाने को कहा था।
प्रो. अब्बासी के मुताबिक वे आरडीसी के लिए बाहर से आए एक्सपर्ट के टीए-डीए का भुगतान जल्दी कराने की मांग लेकर रजिस्ट्रार के पास गई थीं लेकिन रजिस्ट्रार ने अभद्रता करते हुए उन्हें दफ्तर से बाहर निकाल दिया। हालांकि रजिस्ट्रार सोलंकी इससे इंकार कर रहे हैं। प्रो. अब्बासी आर्ट फैकल्टी की डीन भी हैं।