झम्मू छुगानी सदस्य मनोनीत
संत हिरदाराम नगर भास्कर. भोपाल
केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्रालय ने राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद के सदस्य के रूप में झम्मू छुगानी को मनोनीत किया है। उनका मनोनयन तीन साल तक प्रभावी होगा। छुगानी सिंधी के वरिष्ठ साहित्यकार हैं। मध्यप्रदेश सिंधी साहित्यकार अकादमी के निदेशक भी रह चुके हैं। भारत सरकार की केन्द्रीय साहित्य अकादमी ने छुगानी को उड़िया भाषा में साहित्यकार रमाकांत रथ की कालजयी कृति श्रीराधा के सिंधी अनुवाद के लिए गोवा में आयोजित एक कार्यक्रम में पचास हजार रुपए के राष्ट्रीय अनुवाद सम्मान, स्मृति चिन्ह, शाल, श्रीफल से सम्मानित किया गया था। दो माह पूर्व भी मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा संचालित मध्यप्रदेश सिंधी साहित्य अकादमी, भोपाल ने भी सिंधी साहित्य में जीवन पर्यन्त योगदान के लिए 51 हजार रुपए की सम्मान निधि से सम्मानित किया गया। श्री छुगानी के मनोनयन पर शिक्षाविद् विष्णु गेहानी, साहित्यकार मोहन गेहानी, संगीताचार्य पंडित लक्ष्मण कुंदानी तथा प्रदेश देश के अनेक सिंधी साहित्यिक, सांस्कृतिक, सामाजिक हस्तियों ने उन्हें बधाई दी है, और उम्मीद जताई है कि छुगानी अपने कार्यकाल में सिंधी भाषा, साहित्य संस्कृति के चहुंमुखी उत्थान में पूरा सहयोग सहकार देंगे।