बैरागढ़ नहीं संत हिरदाराम नगर कहा जाए
संत हिरदाराम नगर भास्कर. भोपाल| विधायकरामेश्वर शर्मा ने बैरागढ़ का परिवर्तित नाम संत हिरदाराम नगर को पूरी तरह उपयोग में लाने के लिए कलेक्टर काे पत्र लिखा है, जिसमें अपेक्षा की गई है कि संतजी की पुण्यतिथि से सरकारी कामकाज और शासकीय संस्थानों में बैरागढ़ नहीं संत हिरदाराम नगर हो यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
विधायक ने अपने पत्र में लिखा है कि भारत सरकार के गृह विभाग से हरी झंडी मिलने के बाद मप्र राजस्व विभाग ने भी इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है, लेकिन कई माह बीत जाने के बाद भी थाना, अस्पताल और शासकीय कामकाज में बैरागढ़ नाम का ही संबोधन हो रहा है। राजस्व विभाग के आदेश का अनुसरण करते हुए बैरागढ़ को सिर्फ संत हिरदाराम नगर के नाम से जाना, माना और समझा जाना चाहिए। इसके लिए अपेक्षा है कि अब सभी कार्यों एवं संदर्भों के लिए ग्राम बैरागढ़ के स्थान पर संत हिरदाराम नगर का संबोधन किया जाए। इस संबंध में सभी विभागों को निर्देशित करने को कहा जाए। विधायक ने आग्रह किया कि 21 दिसंबर को संत हिरदारामजी की पुण्य तिथि से यह व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।