सामुदायिक भवन के निर्माण में लेटलतीफी
विवाह समारोह के आयोजन के लिए नहीं मिली सर्वसुविधायुक्त भवन की सौगात
सिटी प्लस रिपोर्टर|भोपाल
जहांगीराबादक्षेत्र में आने वाले कल्लाशाह का अहाता में नगर निगम द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए भूमि आरक्षित कर राशि भी स्वीकृत की, लेकिन छह माह से अधिक समय बीतने के बाद भी इसका निर्माण शुरू नहीं हो सका। दो मंजिला और सर्वसुविधायुक्त बनने वाले उक्त भवन निर्माण के लिए टेंडर भी जारी किए गए, लेकिन बताया जा रहा है कि किसी ने भी टेंडर लेने में रुचि नहीं दिखाई। लिहाजा ये मामला पेंडिंग हो गया। निगम प्रशासन अब नए सिरे से इसकी प्रक्रिया शुरू करने की बात कह रहा है।
जानकारी के अनुसार कल्लाशाह का अहाता में करीब बीस लाख रुपए सामुदायिक भवन निर्माण के लिए स्वीकृत किए गए थे। करीब 2400 वर्ग फिट क्षेत्र में इसका निर्माण होना था। दो मंजिला बनने वाले उक्त भवन को सर्वसुविधायुक्त बनाया जाना था। लंबे समय से इसकी जरूरत क्षेत्र में महसूस की जा रही थी। इसके बन जाने से लोगों को वैवाहिक अन्य समारोह के आयोजन के लिए परेशान नहीं होना पड़ता। नानी साहिबा मस्जिद के पास खाली भूमि नगर निगम ने सामुदायिक भवन के लिए आरक्षित की है। इस स्थान पर कचराघर था। मुख्य मार्ग पर गंदगी से भी लोगों को परेशानी होती है। यहां सामुदायिक भवन बनने से वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए लोगों की परेशानी भी दूर होती। मांगलिक कार्यों के लिए आसपास के लोगों को ही आसानी से भवन उपलब्ध होता।
ये है योजना
दोमंजिला प्रस्तावित सामुदायिक भवन में पार्किंग, पानी, बिजली की सुविधा के साथ-साथ इसमें बड़े हॉल का निर्माण होना है। जन सुविधा केन्द्र के अलावा दो या तीन बड़े कमरे होंगे। करीब छह माह में इसके निर्माण का लक्ष्य रखा गया था। अब इसकी नए सिरे से प्रक्रिया शुरू होगी।
यहां कल्लाशाह का अहाता में सामुदायिक भवन का निर्माण प्रस्तावित है।