वार्ड 2, 3 में बनेंगी सीसी सड़कें
संत हिरदाराम नगर भास्कर. भोपाल
जोन एक में वार्ड तीन और वार्ड दो में सीमेंट- कांक्रीट की सड़क का निर्माण होगा। दो अलग-अलग क्षेत्रों में बनने वाली सड़क में एक सड़क का भूमि पूजन हो चुका है, जबकि अन्य एक सड़क का टेंडर होने के बाद वर्क आॅर्डर होते ही भूमि पूजन होगा।
संत हिरदाराम नगर में वार्ड दो स्थित लाऊखेड़ी क्षेत्र का पहुंच मार्ग जल्द ही सीसी सड़क के रूप में नजर आएगा। इसके लिए नगर निगम मुख्यालय की ओर से टेंडर जारी किए गए हैं। आगामी 23 सितंबर को टेंडर खुलने के बाद वर्क आॅर्डर होते ही इसके निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। करीब 3 लाख 99 हजार रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क के निर्माण होने से लाऊखेड़ी के रहवासियों को काफी सुविधा होगी।
इधर पांच भाई मार्ग स्थित बैरक क्रमांक 50 में भी सीसी सड़क का निर्माण होगा। जिसका हाल ही में क्षेत्रीय पार्षद ईश्वरी नाथानी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राम बंसल सहित स्थानीय नागरिकों ने नारियल तोड़कर भूमिपूजन किया। यहां सड़क का निर्माण मुख्यालय कोटे से किया जाएगा, जिसकी लागत करीब 1 लाख 99हजार रुपए तय की गई है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि सड़क निर्माण के समय नागरिक आगे आकर ठीक से सड़क बनवाएं और उसकी देखरेख भी जिम्मेदारी से करंे। इसके अलावा अगर थोड़ा बहुत अतिक्रमण तोड़ना पड़े तो, रहवासी खुद उसे हटा लें, ताकि सभी को एक अच्छी गुणवत्ता वाली सड़क मिल सके।
लंबेसमय से उठ रही थी मांग
गौरतलबहै कि वार्ड तीन के बैरक 50 में सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। सड़क निर्माण होने के बाद नागरिकों को काफी सुविधा होगी। वार्ड पार्षद ईश्वरी नाथानी ने कहा कि नागरिक इसके निर्माण के समय अपना सहयोग दें, ताकि एक अच्छी सड़क बनाई जा सके।
पांच भाई मार्ग स्थित बैरिक 50 का प्रमुख मार्ग, जहां निर्माण कार्य प्रारंभ भी हो कर दिया गया है।
खास बातें
>मुख्यालय निधि से होगा निर्माण >3.99 लाख की लागत से लाऊखेड़ी में बनेगी सड़क > लाऊखेड़ी पहुंच मार्ग के लिए आगामी 23 सितंबर को खोले जाएंगे टेंडर >1.99 लाख की लागत से बैरक 50 में होगा निर्माण >बैरक 50 में हो चुका है भूमिपूजन