एफओबी का काम बंद, लिफ्ट में भी देरी
भोपालरेलवे स्टेशन पर नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने का काम दो महीने से बंद है। अब तक यहां लिफ्ट भी नहीं लगाई गई है। जबकि इसे लगाने का काम छह महीने से चल रहा है। काम यात्रियों की सहूलियत के हिसाब से बहुत जरूरी हैं। रेलवे के पास भी इसके लिए पर्याप्त बजट है। इधर रेलवे का कहना है कि बरसात के चलते काम प्रभावित हुए हैं। एक पखवाड़े में लिफ्ट का काम पूरा कर दिया जाएगा।
नए एफओबी से प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 6 तक जाने के लिए यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने लगेगी। लिफ्ट लग जाने से यात्रियों को भारी सामान लादकर प्लेटफॉर्म तक नहीं चढ़ना होगा। करीब छह महीने से दोनों काम की रफ्तार सुस्त है। रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी केके दुबे का कहना है कि बारिश के कारण काम की रफ्तार धीमी है। जल्द ही स्टेशन प्रबंधन से बात कर काम की गति को तेज किया जाएगा।
एक पखवाड़े में शुरू होगी लिफ्ट
प्लेटफॉर्मनंबर एक की ओर ही फूड प्लाजा के पास करीब 60 लाख रुपए की लागत से लिफ्ट लगाई जा रही है। इसका काम भी पिछले छह महीने से धीमी रफ्तार से चल रहा है। इस मामले में स्टेशन मैनेजर प्रदीप सिंह का दावा है कि एक पखवाड़े में लिफ्ट को शुरू कर दिया जाएगा।
केवल कॉलम भरे गए
एफओबी प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर बनाया जाना है। यह 157 मीटर लंबा 5 मीटर चौड़ा होगा। इसकी लागत करीब सवा चार करोड़ रुपए है। इसका काम आरपीएफ थाने के पीछे से शुरू किया जा रहा है। वर्तमान में इस एफओबी के लिए मात्र कॉलम भरे जा सके हैं। डीआरएम राजीव चौधरी ने पिछले साल 13 दिसंबर को निर्देश दिए थे कि एफओबी का काम एक साल में पूरा हो। इस मियाद के खत्म होने में तीन महीने का समय बचा है। दिसंबर तक यह काम पूरा होना मुश्किल है। रेल अधिकारियों का कहना है कि एफओबी के लिए जरूरी मटेरियल नहीं आने के कारण काम में देर हो रही है।