आरओबी की जगह-जगह रेलिंग टूटी
भोपाल| भारतटॉकीज से भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नं. एक तक जाने के लिए बनाए गए रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) में जगह-जगह से रेलिंग टूट गई है। इससे यहां दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा गया है। बीते एक साल से यह स्थिति है, फिर भी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इसकी मरम्मत नहीं करवाई है। जबकि यहां रेलिंग टूटने से एक कार ओवर ब्रिज से नीचे लटक चुकी है। सद्प्रयास संस्था के संयोजक अब्दुल जब्बार ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों से रेलिंग की मरम्मत करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि यहां रेलिंग टूटे रहने से हादसों का अंदेशा बना रहता है। उधर, पीडब्ल्यूडी के प्रभारी ईई एस रघुवंशी का कहना है कि अभी चेतक ब्रिज की रेलिंग सुधारने का काम चल रहा है। जल्द ही इस ब्रिज के लिए नई रेलिंग का टेंडर निकालकर काम शुरू करवाया जाएगा।