पुराने शहर में बनने लगे रावण के पुतले
पुराने शहर में इन दिनों त्योहारों की धूम है। गणेशोत्सव के बाद दुर्गोत्सव शुरू होने की तैयारियों के साथ-साथ विजयादशमी पर्व की तैयारियां भी जोर पकड़ रही हैं। छोला इलाके में रावण के पुतले बनाने का काम शुरू हो गया है। यहां कलाकार शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के लिए करीब दस रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले बनाने में जुट गए हैं। इस बार यहां के कलाकार 35 फिट ऊंचे रावण के पुतले बनाएंगे।
कलाकार सुरेश गौंड ने बताया कि वे करीब 17 साल से रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले बना रहे हैं। विजयादशमी पर्व में अभी समय है। इसलिए पुतलों के निर्माण का अभी शुरुआती चरण है। पहले चरण में रिंग बनाने का काम शुरू किया गया है। श्री गौंड का कहना है कि इस बार महंगाई का असर भी दिख रहा है। निर्माण सामग्री की लागत भी 25 फीसदी महंगी हो गई है। जो बांस पहले 60 रुपए का मिलता था वह अब 80 रुपए तक मिल रहा है। छोला रेलवे फाटक के नजदीक रावण के पुतले बनाने में फिलहाल पांच कलाकार जुटे हैं, लेकिन अंतिम दौर में इस काम में चालीस से पचास कलाकार जुटते हैं। पुराने शहर में मुख्य समारोह छोला दशहरा मैदान में होगा। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी रावण का दहन होगा। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।
{छोला क्षेत्र में पुतले बनाने जुटे कलाकार