- Hindi News
- एम्स में 73 फीसदी तक सस्ती मिलेंगी मरीजों को दवाएं
एम्स में 73 फीसदी तक सस्ती मिलेंगी मरीजों को दवाएं
नसं,भोपाल| राजधानीके अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के मेडिकल स्टोर पर मरीजों को ब्रांडेड कंपनी की दवाएं 73 फीसदी तक सस्ती मिलेंगी। एम्स प्रबंधन इसके लिए दवाओं की खरीदी सीधे दवा कंपनियों से करेगा। संस्थान के मेडिकल स्टोर की शुरुआत अगले महीने होगी।
एम्स डायरेक्टर डाॅ . संदीप कुमार ने बताया कि अस्पताल में आधा दर्जन मेडिकल स्टोर खोले जाएंगे। इन स्टोर्स पर मरीजों को दवाएं बाजार कीमत से 28 से 73 फीसदी तक सस्ती मिलेंगी। वहीं, संस्थान के ट्रामा सेंटर में आने वाले मरीजों को दवाएं मुफ्त में दी जाएंगी। यह व्यवस्था इमरजेंसी पेशेंट का अस्पताल में इलाज सुनिश्चित करने के लिए की गई है। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को भी नि:शुल्क दवाएं दी जाएंगी।
इसके लिए मरीज अथवा उसके परिजन को राज्य सरकार द्वारा जारी गरीबी रेखा कार्ड दिखाना होगा।
मेडिकल ऑफिसर करेंगे 24*7 ड्यूटी
डॉ. कुमार ने बताया कि सोमवार से शुरू हो रहे संस्थान के 100 बिस्तर के अस्पताल में 24*7 मेडिकल ऑफिसर मौजूद रहेंगे। इन मेडिकल ऑफिसर्स का ड्यूटी रोस्टर बनाया गया है। ओपीडी के बाद अस्पताल में आने वाले गंभीर मरीजों का इलाज करने के लिए सीनियर कंसल्टेंट की ड्यूटी लगाई गई है। यह कंसल्टेंट इमरजेंसी यूनिट के डॉक्टर के कॉल पर मरीज की जांच करने पहुंचेंगे।