चार साल बाद भीगा दिसंबर
राजधानीमें शुक्रवार की शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। चार साल बाद दिसंबर में बारिश के कारण शहर तरबतर हुआ। शुक्रवार को शुरू के महज चार घंटे में 7.2 मिलीमीटर बरसात दर्ज हुई। बारिश से सड़कों और इलाकों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शनिवार को भी शहर में बारिश हो सकती है। रविवार से बादल छंटने का अनुमान है। इसके बाद शहर का न्यूनतम तापमान गिरेगा और ठंडक के तेवर तीखे हो जाएंगे।
गुरुवार को राजधानी में इस सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया था। शुक्रवार की सुबह से बादलाें की मौजूदगी के चलते मौसम के तेवर तीखे होने के आसार थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दोपहर में कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकिन शाम को बारिश शुरू हो गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य के पश्चिमी हिस्से में बने ऊपरी हवा के चक्रवात से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार रही नमी बारिश की वजह बनी। इस चक्रवात और नमी के असर से शनिवार को भी यहां बादल छाए रहने और बरसात होने के आसार हैं।
स्थानीय मौसम केंद्र के मुताबिक बीते तीन सालों में दिसंबर में बिल्कुल बारिश रिकॉर्ड नहीं हुई। मौसम वैज्ञानिक एसके डे ने बताया कि दिसंबर में बारिश होना कोई असामान्य बात नहीं है। राजधानी में इससे पहले सन 2010 में दिसंबर में 3.7 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इससे पहले सन 2009 में इस महीने में 3.55 मिमी बरसात हुई थी।
शहर में शुक्रवार को अचानक तेज बारिश हुई, जो देर रात तक रुक-रुक कर चली। फोटो: होशंगाबादरोड का, समय: शाम7 बजे।
दिनभर छाए बादल शाम को जमकर बरसे