पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सड़क, पानी के साथ स्वच्छता पर जोर

सड़क, पानी के साथ स्वच्छता पर जोर

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सात साल के बाद कोलार में हुए चुनाव में मतदान कर जनता ने अपना जनप्रतिनिधि चुन लिया है। अब इन जनप्रतिनिधियों के कंधों पर अपने-अपने वार्ड का विकास कराने की जिम्मेदारी है, जिसको देखते हुए जोन 15 के अंतर्गत आने वाले सभी छह वार्डों के पार्षदों ने भी अपनी प्राथमिकताएं तय कर ली हैं। साथ ही प्राथमिकताओं को पूरा करने के लिए समय सीमा भी निर्धारित कर ली है इसके तहत कोई अपने वार्ड में पहले सड़कों का निर्माण कराना चाहता है, किसी को सीवेज की समस्या का समाधान करना है, तो कोई स्वच्छता को प्राथमिकता दे रहा है।

हालांकि जनता और जानकारों का कहना है कि चुनाव में जीत हासिल करने के बाद हर जनप्रतिनिधि अपनी प्राथमिकता तय करता है और देखने में आता है कि उसका कार्यकाल समाप्त होने तक चुनाव में किए गए कई वादे पूरे नहीं हो पाते। प्राथमिकता में शामिल किए गए काम कार्यकाल के अंत तक जारी होते हैं। इसका असर क्षेत्र के विकास पर तो पड़ता है। इसलिए बेहतर है कि जिस तरह से केंद्र सरकार या राज्य सरकार द्वारा सौ दिन की कार्य योजना तय की गई है और मंत्री, सांसद विधायकों का रिपोर्ट कार्ड तैयार करने की शुरुआत हुई है, उसी तरह से नगर सरकार या निगम परिषद की भी सौ दिनी कार्य योजना बननी चाहिए। साथ ही मेयर, अध्यक्ष और पार्षदों को भी रिपोर्ट कार्ड बनाया जाना चाहिए। इससे सिस्टम में पारदर्शिता, जनता के प्रति जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही बढ़ेगी।

02 करोड़ 75 लाख की लागत से गेहूंखेड़ा में हाट बाजार बनेगा।

22 करोड़ की लागत से कलियासोत नहर के समानांतर 14 किलोमीटर में रोड बनाई जाएगी।

10 करोड़ रुपए हर साल सड़कों अन्य निर्माण के लिए स्वीकृत किए जाएंगे।

02 करोड़ रुपए कोलार क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत के लिए स्वीकृत किए।

02 करोड़ 25 लाख की लागत से 15 सुलभ कॉम्पलेक्स का निर्माण होगा।

{दशहरा मैदान पर स्टेडियम बनाया जाएगा। {गरीबों को पट्टे मकान बनाकर दिए जाएंगे। जो कब्जा करने वाले माफिया टाइप लोग हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई करेंगे। {हुजूर तहसील दो हिस्सों में बंटेगा और कोलार अलग तहसील वृत्त बनेगा। {कोलार में ही एसडीएम कार्यालय बनेगा। {कलियासोत नदी का सौंदर्यीकरण कर पर्यटन केंद्र बनाएंगे। इसके लिए एक अलग योजना बनेगी।

यह हैं मुद्दे

{पेयजल आपूर्ति की स्थाई व्यवस्था करना।

{ सीवेज ड्रेनेज नेटवर्क का निर्माण।

{ कॉलोनियों की आंतरिक बाह्य सड़कों का निर्माण।

{ सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना।

{ वैध-अवैध कॉलोनियों का निगम को हस्तांतरण करना।

{ अवैध निर्माण अतिक्रमण पर रोक लगाना।

{ कलियासोत नदी का संरक्षण उसके 33 मीटर के दायरे में आने वाले निर्दोश लोगों को न्याय।

कौन बनेगा जोन अध्यक्ष

जोन15 के अंतर्गत आने वाले कोलार के छह वार्डों में से भाजपा के पांच पार्षदों की जीत के बाद यह तय है कि जोन अध्यक्ष भाजपा का होगा। इस जोन से कांग्रेस के एक मात्र पार्षद मंजीत मारन जीतने में कामयाब रहे हैं। ऐसे में पार्षद आपसी सहमति से जोन अध्यक्ष बना सकते हैं। वार्ड 81 से पार्षद पवन बोराना, वार्ड 82 से पार्षद भूपेंद्र माली, वार्ड 83 से मनफूल मीना और वार्ड 85 से पार्षद चुने गए कामता पाटीदार सभी जोन अध्यक्ष बनने के दावेदार हैं। ये सभी विधायक रामेश्वर शर्मा के करीबी हैं। अब देखना यह है कि इनमें से किसको जोन अध्यक्ष कुर्सी मिलती है। क्योंकि नगर निगम की प्रशासनिक व्यवस्था में जोन अध्यक्ष का पद बहुत महत्वपूर्ण होता है। जोन के अंतर्गत होने वाले विकास कार्यों में अध्यक्ष की भूमिका अहम होती है।

एमआईसीमैंबर की दौड़ शुरू

इधर,मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) में शामिल होने के लिए भी जोन 15 के पार्षद इच्छुक हैं। वार्ड 80 से पार्षद चुने गए रविंद्र यती जोन 15 से इस दौड़ में सबसे आगे हैं। उन्होंने एमआईसी ने जगह बनाने के प्रयास शुरू भी कर दिए हैं। यदि उन्हें मौका मिलता है, तो उनके साथ ही कोलार के लिए भी अच्छा होगा।

वार्ड 85-कामता पाटीदार( भाजपा)

प्राथमिकता : वार्ड का समग्र विकास हमारा चुनावी एजेंडा था। उसमें सड़क, पानी, सीवेज आदि बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने का वादा किया था। वही हमारी प्राथमिकता है।

समय सीमा : परिषद के गठन के बाद तय होगी।

वार्ड 84-मंजीत मारन (कांग्रेस)

प्राथमिकता : वार्ड के ग्रामीण इलाकों में पानी, स्ट्रीट लाइट और सड़क की सुविधा मुहैया कराना। इंडस कॉलोनी क्षेत्रों की सीवेज, लाइट और खराब सड़कों का समाधान करना।

समय सीमा : दो माह में छोटी समस्याएं

वार्ड 83-मनफूल मीना (भाजपा)

प्राथमिकता : वार्ड की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करेंगे। विधायक जी के साथ बैठक कर उनकी योजना और समय सीमा तय कर ली जाएगी।

समय सीमा : अभी तय नहीं

वार्ड 82-भूपेंद्र माली (भाजपा)

प्राथमिकता : पानी सीवेज समस्या का समाधान कराना। 80 फिट रोड का निर्माण सौंदर्यीकरण कराना। अवैध कॉलोनियों को वैध कराना, ताकि उनमें विकास हो सके।

समय सीमा : मार्च 2016 तक नर्मदा जल

वार्ड 81-पवन बोराना (भाजपा)

प्राथमिकता : गरीबी रेखा के राशन कार्ड, पट्‌टे, सफाई, जल भराव की समस्या का समाधान। गेहूंखेड़ा रोड का निर्माण सौंदर्यीकरण करना। पेयजल की आपूर्ति करना।

समय सीमा : छोटे काम तत्काल, बड़े उसके बाद

वार्ड 80-रविंद्र यती (भाजपा)

प्राथमिकता : वार्ड को सुंदर, आर्दश बनाना। पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था, सीवेज की समस्या का समाधान करना। कॉलोनी हैंडओवर स्लम में पट्‌टे देना।

समय सीमा : डेढ़ साल में पानी सीवेज का हल