- Hindi News
- डीएमई अधिकारी चाहते तो काउंसलिंग में ही हो जाता धांधली का खुलासा
डीएमई अधिकारी चाहते तो काउंसलिंग में ही हो जाता धांधली का खुलासा
पीएमटीघोटाले में अब डायरेक्टोरेट ऑफ मेडिकल एजुकेशन की काउंसलिंग कमेटी भी शंका के घेरे में गई है। स्कोरर भेजने वाले विभिन्न गिरोह के आरोपी सरगना ने पूछताछ के दौरान एसआईटी को बताया कि कमेटी चाहती तो काउंसलिंग में ही गड़बड़ी पकड़ी जाती। काउंसलिंग में असली छात्र ही जाता था, जबकि परीक्षा फॉर्म पर स्कोरर का फोटो होता था। मिलान होता, तो छात्र वहीं पकड़ा जाता। पुलिस कमेटी में शामिल तत्कालीन अधिकारियों की भूमिका का पता लगा रही है। उनसे भी पूछताछ हो सकती है। इंदौर एसआईटी प्रभारी एएसपी देवेंद्र पाटीदार और सीएसपी अजय जैन ने 2009 पीएमटी में हुई धांधली में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की। छात्रों को स्कोरर उपलब्ध करवाने वालों में सबसे बड़ा गिरोह गोरखपुर के आरोपी विंध्यवासिनी का होना पता चला है। इसके अलावा अन्य गिरोह उनके सरगनाओं से पूछताछ में एक ही बात पता चली, जिसने डीएमई काउंसलिंग कमेटी पर सवाल खड़े कर दिए।
तब की स्थिति अब बता पाना मुश्किल
काउंसलिंगकमेटी का काम ही होता है कि फोटो और छात्र का मिलान करने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू करे। 2009 में काउंसलिंग भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में होती थी। तब की स्थिति अभी बता पाना मुश्किल है, तब कौन अधिकारी कमेटी में रहे।\\\'\\\' डॉ.एसएस कुशवाह, डायरेक्टर,डीएमई
काउंसलिंग में कभी स्कोरर नहीं जाता। वहां असली छात्र ही जाता है और फिर उसे कॉलेज अलॉट किया जाता है।
सिलेक्शन होने के बाद व्यापमं की रिजल्ट सूची में भी स्कोरर का फोटो जाता है। यह सूची डीएमई की काउंसलिंग कमेटी को भेजी जाती।
छात्र से रकम तय हो जाने के बाद परीक्षा फॉर्म में स्कोरर का फोटो लगाया जाता था। यह फोटो एडमिट कार्ड के अलावा व्यापमं द्वारा परीक्षा सेंटर पर भेजी सूची में भी रहता है।
लापरवाही या मिलीभगत?
आरोपियोंके खुलासे के बाद एसआईटी के अधिकारियों ने एसटीएफ से बात की, फिर डीएमई ऑफिस से जानकारी ली गई। वहां के अधिकारियों ने पुलिस को बताया फोटो का मिलान सही होता था, हो सकता है स्कोरर ही काउंसलिंग में आया हो। यह जवाब इसलिए सही नहीं लग रहा, क्योंकि किसी भी गिरोह ने स्कोरर को काउंसलिंग में भेजे जाने का खुलासा नहीं किया। पुलिस अब काउंसलिंग कमेटी में शामिल होने वाले तत्कालीन अधिकारियों की जानकारी निकाल रही है।